गोंडा पुलिस की अनूठी पहल:’रन फॉर एम्पावरमेंट’ के जरिए दिया स्वावलंबन का संदेश, एसपी की अगुवाई में दौड़ी पुलिस
गोंडा में मिशन शक्ति के पांचवें चरण के तहत ‘रन फॉर एंपावरमेंट’ का आयोजन किया गया था यह दौड़ रिजर्व पुलिस लाइन से अंबेडकर चौराहा तक हुई, जिसमें महिला अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भाग लिया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जन जागरूकता फैलाना था। यह दौड़ गोंडा पुलिस लाइन से शुरू होकर कचहरी, अंबेडकर चौराहा और एनसीसी कार्यालय होते हुए यातायात कार्यालय पर समाप्त हुई। क्षेत्राधिकारी लाइन शिल्पा वर्मा और महिला थाना अध्यक्ष अनीता यादव ने इस प्रतियोगिता का नेतृत्व किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 22 सितंबर को शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण का शुभारंभ किया था। इसके तहत गोंडा पुलिस महिलाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। एंटी रोमियो टीमें सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और बाजारों में लगातार निगरानी रख रही हैं। चिन्हित असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही भी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनभागीदारी पर बल देते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण में सहयोग देना चाहिए। गोंडा पुलिस आने वाले दिनों में भी मिशन शक्ति अभियान के तहत जनसंवाद, साइबर सुरक्षा जागरूकता शिविर, वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा अन्य कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। इसका लक्ष्य मिशन शक्ति अभियान 5.0 के उद्देश्यों को पूरी तरह साकार करना है। यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/yFNLExh
Leave a Reply