गोंडा कलेक्ट्रेट में गांधी जयंती पर डीएम ने किया ध्वजारोहण:राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

पूरे गोंडा जिले में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती मनाई जा रही है कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सभी को महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलने और भारत की एकता व अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने महात्मा गांधी के कार्यों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने सभी स्कूली छात्राओं और उनके अध्यापकों को उपहार देकर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण भी किया। जिले के अन्य प्रमुख कार्यालयों में भी गांधी जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कमिश्नरी में कमिश्नर शशि भूषण लाल सुशील ने अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ध्वजारोहण कर शपथ दिलाई। विकास भवन में जिला विकास अधिकारी ने और गोंडा पुलिस लाइन व एसपी कार्यालय में एसपी व एडिशनल एसपी ने ध्वजारोहण किया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि 2 अक्टूबर को पूरे जिले में गांधी जयंती मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण के साथ सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भारत की एकता और अखंडता के लिए शपथ दिलाई गई है। डीएम ने सत्य, अहिंसा, त्याग और सादगी के आदर्शों को याद करते हुए न्याय और अहिंसा के मार्ग पर चलने तथा राष्ट्र की एकता व प्रगति के लिए कार्य करने का संकल्प लेने की बात कही।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/8SLqsav