गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रावस्ती में ध्वजारोहण, छात्रों को सम्मान:क्रॉसकंट्री दौड़ विजेताओं को ट्रैक सूट, मिशन शक्ति महिलाओं को पोषण टोकरी मिली
श्रावस्ती में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी अमरेंद्र कुमार वर्मा ने ध्वजारोहण किया और गार्ड की सलामी ली। उन्होंने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर क्रॉसकंट्री रेस के विजेताओं को सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में सुरेश यादव ने प्रथम, बॉबी राणा ने द्वितीय और प्रवेश लाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। किशनलाल, पवन कुमार और आशुतोष त्रिपाठी क्रमशः चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में नैना द्विवेदी ने पहला, सानिया बानो ने दूसरा और हिमांगी तिवारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। कोमल, शिवांगी तिवारी और राजनंदनी तिवारी क्रमशः चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और ट्रैक सूट प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त, मिशन शक्ति अभियान के तहत ‘संभव अभियान’ में चिन्हित महिलाओं को पोषण टोकरी देकर सम्मानित किया गया। अपर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जी के आदर्शों का पालन करके ही हम नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने गांधी जी के ‘कर्म ही पूजा है’ सिद्धांत पर भी प्रकाश डाला। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने बताया कि गांधी जी ने अहिंसा और सत्य के मार्ग पर चलते हुए पूरे देश को स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने दांडी यात्रा, सत्याग्रह और असहयोग आंदोलन जैसे कई ऐतिहासिक आंदोलन किए। वहीं युवा सुधाकर शर्मा ने गांधी जयंती के अवसर पर कहा कि महात्मा गांधी ने अपना जीवन सादगी से व्यतीत किया। उन्होंने सत्य, अहिंसा और धर्म को अपना कर्तव्य मानकर आगे बढ़े। उनका एकमात्र लक्ष्य सभी लोगों के बीच सद्भावना और प्रेम स्थापित करना था।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/3Gf7usi
Leave a Reply