कैफे से लौटते वक्त सड़क हादसा:एटा के अलीगंज तहसील कर्मचारियों की कार ट्रॉली से टकराई, 4 गंभीर

राजा का रामपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। पहरा और कैला के बीच अलीगंज तहसील के पांच कर्मचारी घायल हो गए। सभी कर्मचारी पहरा स्थित द डोज कैफे से खाना खाकर लौट रहे थे। इस दौरान उनकी वैगनआर कार अनियंत्रित होकर तंबाकू से भरी खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। घायल कर्मचारियों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार कर्मचारियों को हायर सेंटर रेफर किया गया। हादसे में घायल कर्मचारियों में नायब तहसीलदार कार्यालय के आशीष सक्सेना, भूलेख कार्यालय के शिवम (26 वर्ष), कंप्यूटर ऑपरेटर सतेंद्र (35 वर्ष), लेखपाल रामप्यारे और कंप्यूटर ऑपरेटर विशाल शामिल हैं। विशाल, शिवम, सतेंद्र और रामप्यारे को गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। तहसीलदार संजय सिंह, नायब तहसीलदार अलीगंज सतीश कुमार और नायब तहसीलदार जैथरा सतीश चंद्र मौके पर पहुंचे। घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर