कुशीनगर में बांसी-रामघाट नदी का जीर्णोद्धार शुरू:जिला प्रशासन और जन सहयोग से हुआ सफाई अभियान का शुभारंभ
कुशीनगर के विशुनपुरा विकास खंड में बांसी और रामघाट नदी के जीर्णोद्धार और सफाई अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और सांसद विजय कुमार दुबे ने इस कार्य का उद्घाटन किया। यह अभियान विशुनपुरा ब्लॉक की ग्राम सभा सिंघापट्टी के तहत आने वाली बांसी नदी को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि यह सफाई अभियान जटहां से बांसी धाम तक 12 चयनित स्थलों पर एक साथ चलाया जा रहा है। इसके तहत नदी की सफाई, कचरा हटाना और जलधारा को पुनर्जीवित करने का कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल नदी की सफाई नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के प्रति जन जागरूकता फैलाना भी है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों ने वृक्षारोपण भी किया। राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह ने नदी के जीर्णोद्धार के लिए जनता से श्रमदान करने का आग्रह किया। कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दुबे ने बांसी में एक विवाह भवन के निर्माण की बात कही और इस स्थल के महत्व का भी उल्लेख किया। सदर विधायक मनीष जायसवाल ने नदी के जीर्णोद्धार के लिए जिलाधिकारी और सीडीओ गुंजन द्विवेदी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, राज्यसभा सांसद कुंवर आरपीएन सिंह, खड्डा विधायक विवेकानंद पाण्डेय, हाटा विधायक मोहन वर्मा, कसया विधायक पीएन पाठक, सेवरही विधायक असीम राय, एमएलसी रतनपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राजेश्वर सिंह, अतुल कुमार सिंह, जगदीश मिश्रा उर्फ बाल्टी बाबा, पिछड़ा वर्ग के सदस्य फुलबदन कुशवाहा, विशुनपुरा ब्लॉक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, प्रधान संघ के महामंत्री बबलू कुशवाहा और ग्राम सभा सिंघापट्टी के प्रधान प्रतिनिधि भीम सिंह सहित डीसी मनरेगा व अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/3L9Oo0F
Leave a Reply