कुशीनगर में तालाब में डूबकर दो महिलाओं की मौत:तबियत ठीक नहीं होने से तंत्र-मंत्र के लिए गई थी देवी स्थान, तालाब किनारे में मिला शव
कुशीनगर के अहिरौली बाजार और कप्तानगंज थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित असना गांव के तालाब में मंगलवार को दो महिलाओं की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान पड़ौली ग्रामसभा के टोला ठकुरहीं उर्फ सोनापाकड़ निवासी कुशुमावती देवी (40) और रीता देवी (46) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं। इलाज कराने के बजाय परिजन उन्हें तंत्र-मंत्र के लिए देवी स्थल ले गए थे। पूजा के दौरान असना के डीह स्थित काली मंदिर पर कई महिलाएं झूम रही थीं। इसी दौरान दोनों महिलाएं भी असामान्य रूप से झूमने लगीं। देखते-देखते तालाब की गहराई में चली गईं। किसी को भनक तक नहीं लगी। कुछ देर बाद तालाब में उतराया शव देखकर लोगों ने शोर मचाया। परिजन दोनों को एम्बुलेंस से सीएचसी मथौली ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कुशुमावती अपने पीछे पति और तीन बच्चों को छोड़ गई हैं। जबकि रीता के परिवार में पति और दो बेटे हैं। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवरात्र जैसे अवसरों पर क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक बड़े पैमाने पर होता है। लेकिन प्रशासन इस पर कोई रोक नहीं लगाता। लापरवाही का ही नतीजा है कि आज दो निर्दोष महिलाओं की जान चली गई। सीएचसी मथौली के प्रभारी राजेश मद्देशिया ने बताया कि दोनों महिलाएं मृत अवस्था में अस्पताल लाई गई थीं। कप्तानगंज पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/EJhs1Xk
Leave a Reply