किडनेपर की तरह बेटे को उठा ले गया पिता, VIDEO:झांसी में पत्नी ने हाथ पकड़ा, पर बाइक की स्पीड बढ़ाकर भागा, दो आरोपी पकड़े

झांसी में एक पिता किडनेपर की तरह अपने 3 साल के बेटे को उठाकर ले गया। बच्चा अपनी मां की गोद में खेल रहा था। पिता चेहरे पर नकाब बांधकर बाइक से आया। साथ में दो साथी भी थे। पत्नी से बेटे को छीनकर बाइक से भाग गया। बेटे को बचाने के लिए पत्नी भी पीछे भागी। बाइक पर बैठे पति का हाथ पकड़ा, मगर वो बाइक की स्पीड बढ़ाकर भाग निकला। ग्रामीणों ने उसके दोनों साथियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। अब बच्चे की तलाश में पुलिस पंजाब रवाना हो गई है। पति से झगड़ा होने पर महिला अपने बेटे के साथ मायके में रह रही थी। घटना गुरुवार की है, मगर आज इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पूरा मामला मऊरानीपुर कस्बे का है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए 5 साल पहले हुई थी शादी मऊरानीपुर के गोपालगंज निवासी वर्षा जोशी की शादी 5 साल पहले पंजाब के जालंधर निवासी रमन से हुई थी। वर्षा जोशी ने बताया- शादी के 3 महीने बाद पता चला कि पति का एक महिला से अफेयर है। इस बात को लेकर झगड़ा होने लगा। सास को बताया, मगर वो भी कुछ नहीं बोली। पति मेरे साथ मारपीट करने लगा। तब मैं अपने माता-पिता के घर आ गई। मायके में ही मैंने अपने बेटे को जन्म दिया। दो साल तक मायके में ही रही। फिर ससुराल वाले आए और पंचायत हुई। गलती मानकर वे मुझे ससुराल ले गए। सबकुछ ठीक चल रहा था। अब मम्मी-पापा मुझे लेने गए तो झगड़ा हो गया। तब मैं 6 सितंबर को बेटे को लेकर मायके आ गई। फिर मैंने ससुराल जाने से मना कर दिया। एक दिन पहले रैकी, दूसरे दिन वारदात की वर्षा ने आगे बताया- 17 सितंबर को मैं घर पर थी। तब पति ने तीन लोगों को घर पर भेजा। वे बोले कि रमन तुम्हे घर ले जाना चाहता हैं। मैंने साफ मना कर दिया कि मैं ससुराल नहीं जाउंगी। उनको इसके पीछे के कारण बताए। ससुराल वालों की गलतियां बताई। तब वे भी बोले कि ठीक है। 18 सितंबर को मैं घर पर थी और अपने बेटे को खिला रही थी। मेरी बहन भी साथ में थी। तभी पति दो साथियों के साथ आया। तीनों ने चेहरे ढके हुए थे। पति घर के अंदर आया और बेटे को छीनकर बाइक से भाग गया। मैं चिल्लाते हुए बाहर भागी और पति का हाथ पकड़ लिया। मगर वो बाइक की स्पीड़ बढ़ाकर भाग निकला। इस हड़बड़ाहट में दोनों साथी बाइक पर नहीं बैठ पाए। एक को गांव में और दूसरे को बंगरा में पकड़ा वर्षा ने आरोप लगाया कि आरोपी तमंचा भी लिए थे। ग्रामीणों ने एक आरोपी को गांव में ही पकड़ लिया। जबकि एक आरोपी का पीछा करते हुए उसे बंगरा में पकड़ लिया। वहीं पिता बच्चे को लेकर भाग निकला। पत्नी और परिजन बच्चे को ढूंढ़ते रहे। जब कोई सुराग नहीं लगा तो शुक्रवार को थाने पहुंचे और तहरीर दी। मऊरानीपुर सीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया- पति से अनबन होने के कारण पत्नी अपने मायके में रह रही थी। पति जबरन पत्नी की गोद से बच्चे को छीनकर ले गया। उसके दो साथी भी शामिल थे। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे हैं। बच्चा सुरक्षित अपने पिता के साथ पंजाब पहुंच गया है। बच्चे को लाने के लिए पुलिस टीम पंजाब रवाना हाे गई है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर