कानपुर देहात में महिला पुलिस का खास अभियान:चौपालों से पंडालों तक बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकार व सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

कानपुर देहात पुलिस ने बुधवार को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया। जनपद के सभी थानों की महिला पुलिसकर्मियों ने स्कूल, कॉलेज, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मंदिर और पंडालों जैसे सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं और छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने चौपालें आयोजित कीं। उन्होंने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों को समझने और समस्याओं के समाधान के लिए सही माध्यम अपनाने की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने बताया कि शासन और पुलिस विभाग महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत बाजारों, कस्बों, चौराहों, शैक्षणिक संस्थानों और धार्मिक स्थलों पर पंपलेट वितरित किए गए। इन पंपलेटों में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पीएम स्वनिधि योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना, वन स्टॉप सेंटर और आयुष्मान योजना जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी शामिल थी।
अभियान के दौरान महिलाओं को पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस 108, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 प्रमुख रूप से शामिल थे। महिला पुलिसकर्मियों ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं के साथ जुड़ाव स्थापित कर उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है। इस अभियान का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक महिला सुरक्षित और सशक्त महसूस करे।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/JPAlWm3