कन्नौज के नए जिला जज बने नरेंद्र कुमार झा:चंद्रोदय कुमार का अंबेडकर नगर ट्रांसफर, देर रात जारी हुई सूची

कन्नौज के जिला जज चंद्रोदय कुमार का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह ललितपुर के जिला जज नरेंद्र कुमार झा को कन्नौज का नया जिला जज नियुक्त किया गया है। जजों के तबादलों की यह सूची देर रात जारी की गई। ज्यूडिशियल सर्विसेज के रजिस्ट्रार राजेश कुमार द्वारा जारी की गई तबादला सूची में कन्नौज के जिला जज चंद्रोदय कुमार का नाम भी शामिल है। उन्हें कन्नौज से अंबेडकर नगर जिले में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, ललितपुर के जिला जज नरेंद्र कुमार झा को कन्नौज जिले में जिला जज का पदभार संभालने के लिए भेजा गया है। जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) तरुण चंद्रा ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला जज चंद्रोदय कुमार का कन्नौज में कार्यकाल सराहनीय रहा। उन्होंने अनुशासन और न्यायिक प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अब नरेंद्र कुमार झा कन्नौज में जिला जज का पदभार ग्रहण करेंगे, जिनका डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में स्वागत किया जाएगा। हालांकि, जिला जज चंद्रोदय कुमार के तबादले से कुछ वकीलों ने खुशी व्यक्त की है। पिछले कुछ समय से एक अधिवक्ता को न्यायालय परिसर के मंदिर में प्रवेश से प्रतिबंधित कर दिया गया था। इस मामले को लेकर अधिवक्ता विवेक दीक्षित ने मीडिया के सामने जज के खिलाफ बयानबाजी की थी और उच्च न्यायालय को पत्र भी लिखा था। इसके अतिरिक्त, एक अन्य वकील पर भी कार्रवाई की गई थी। तबादला सूची जारी होने के बाद इन वकीलों ने अपनी खुशी का इजहार किया है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/vG4J3tQ