उन्नाव में 14 साल की किशोरी की हत्या:घर में अकेली थी बच्ची, सिर पर नुकीली चीज से वार; पिता को खून से लथपथ मिली लाश

उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र के सरोसी गांव में एक चौदह वर्षीय किशोरी की हत्या कर दी गई। रविवार की शाम को किशोरी का शव घर के कमरे में खून से लथपथ मिला। मृतका की पहचान अरुण कुमार की बेटी आयुष्का उर्फ हनी के रूप में हुई है। घटना के समय आयुष्का घर पर अकेली थी। उसके पिता बकरी चराने खेत गए थे। वापस लौटने पर उन्हें बेटी का शव कमरे में पड़ा मिला। पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। एसपी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किशोरी के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। उन्होंने कहा कि नुकीली वस्तु से हमला करने से मौत हुई प्रतीत होती है। फॉरेन्सिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर जमा भीड़ को शांत कराया। आयुष्का की मां की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और उसकी बड़ी बहन मौसी के पास रहती है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर