आजमगढ़ में मिशन शक्ति के तहत महिलाओं का सम्मान:कमिश्नर बोले धैर्य संतुलन और संतोष का प्रतीक है महिलाएं

आजमगढ़ में मिशन शक्ति फेज-5.0 के अन्तर्गत आज हरिऔध कला केन्द्र आजमगढ़ में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारम्भ मण्डलायुक्त विवेक, डीआईजी सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। मण्डलायुक्त ने कहा कि पिछले 5000 वर्षाें के बदलाव का इतिहास देखा जाए तो, इसमें विकास कई वर्षों तक मुख्यतः पुरुषों द्वारा किया गया। उन्होने कहा कि संस्कृति और हृदय, भावना और संवेदनशीलता महिलाओं के अधिकार का क्षेत्र हैं। उन्होने कहा कि पुरुष और महिला दोनों ही समाज रूपी रथ के दो पहिये हैं। दोनों का अपना महत्व है। और यह किसी के निम्न या श्रेष्ठता को नही दर्शाता है। महिलाएँ शारीरिक रूप से कमज़ोर भले ही दिखाई दें। लेकिन उनकी प्रतिरोधक क्षमता और आंतरिक शक्ति पुरुषों से ज्यादा होती है। उन्होने कहा कि महिलायें धैर्य, संतोष और संतुलन का प्रतीक होती हैं। पुरुषों में असंतोष देखा जाता है। इसी असंतोष ने सभ्यता के विकास को गति दी है। जिसके सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलू हैं। उन्होने कहा कि विश्व की समस्याओं का एक प्रमुख कारण वैश्विक समाज में महिलाओं की उचित भूमिका का अभाव है। डीएम बोले मिशन शक्ति सराहनीय पहल डीएम रविंद्र कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की एक अच्छी पहल है। उन्होने कहा कि मिशन शक्ति कार्यक्रम की स्थापना महिलाओं को सशक्त बनाकर उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश और सर्वाेत्तम प्रदेश बनाने के लक्ष्य के साथ की गई थी। कार्यक्रम के चार चरण पूरे हो चुके हैं और पाँचवाँ चरण 22 सितंबर को शुरू हुआ है। यह कार्यक्रम कई विभागों की भागीदारी वाले एक बड़े, ज़िला-व्यापी प्रयास का हिस्सा है। उन्होने कहा कि मिशन शक्ति का प्राथमिक उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बनाना हैं। उन्होंने कहा कि कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिलाओं और बच्चों से संबंधित विभिन्न कानूनों, जैसे बाल विवाह निषेध अधिनियम, दहेज अधिनियम, बाल श्रम अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम और कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न अधिनियम आदि के विषय में विस्तार से बताया गया। उन्होने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों (जैसे, महिला हेल्पलाइन के लिए 1076, 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन के लिए 1098, 102, 108, 112, 181) आदि के बारे में बताया। जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति का अंतिम उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं और प्रावधानों का लाभ मिले। उन्होंने उपस्थित लोगों, विशेषकर महिलाओं से, जिले के लगभग 25 लाख लोगों तक यह संदेश पहुँचाने की अपील की, ताकि सभी महिलाएँ सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें। इस अवसर पर मण्डलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस विभाग में अच्छा प्रदर्शन करने वाली उप निरीक्षक सानिया गुप्ता, प्रियंका तिवारी एवं महिला आरक्षी शिखा सिंह, पूजा पासवान, दिव्या शुक्ला एवं शबाना बानो को प्रशस्ती पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/3qmW9rj