आजम खान की रिहाई पर गोरखपुर में जश्न:सपा नेता बोले- आने से मजबूत हुई पार्टी, 2027 में दिखेगा असर
गोरखपुर के समाजवादी पार्टी कार्यालय में मंगलवार को खुशी का माहौल देखने को मिला। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की जेल से रिहाई के बाद कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया।कार्यालय में जुटे कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और गुलाल उड़ाकर अपनी खुशी जाहिर की। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और बधाई दी। माहौल पूरी तरह उत्साह और उमंग से भरा हुआ था। देखिए जश्न की 3 तस्वीरें… सपा नेताओं की प्रतिक्रियाएँ
दैनिक भास्कर से बातचीत में पार्टी के पूर्व प्रवक्ता जफर अमीन डक्कू ने कहा कि “करीब 23 महीनों बाद सपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आई है। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद, जिनके फैसले से न्याय मिला। आज का दिन समाजवादियों के लिए ऐतिहासिक और उत्साहपूर्ण है।” महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरेशी ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह जीत लोकतंत्र और संविधान की जीत है। उन्होंने कहा कि अदालत ने झूठे मुकदमे को खत्म कर सच्चाई का साथ दिया। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में कार्यकर्ता इस मौके को मना रहे हैं। अखिलेश यादव को धन्यवाद
शब्बीर कुरेशी ने बताया कि इस पूरी लड़ाई में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी और कार्यकर्ताओं का साथ मजबूती से दिया। उन्होंने कहा कि जैसे पहले आजम खान ने पार्टी को खड़ा किया था, वैसे ही आगे भी उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन सपा कार्यकर्ताओं को मिलता रहेगा। उन्होंने संकल्प लिया कि साल 2027 में सपा कार्यकर्ता मिलकर अखिलेश यादव को बड़े जनाधार के साथ मुख्यमंत्री बनाएंगे। कार्यकर्ताओं का जोश
सपा कार्यालय में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में पार्टी को मजबूत करने और आगे की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया। उनका कहना था कि आज़म खान की रिहाई ने उन्हें नई ऊर्जा और विश्वास दिया है, जिसके सहारे वे 2027 तक लगातार संघर्ष जारी रखेंगे।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply