अरुण सिंह ने स्वदेशी अपनाने पर दिया जोर:उन्नाव में आत्मनिर्भर भारत संकल्प एवं जीएसटी सम्मेलन में की अपील

उन्नाव जिले के अरोड़ा रिसॉर्ट में बुधवार को “आत्मनिर्भर भारत संकल्प एवं जीएसटी सम्मेलन” का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान जिले के प्रमुख व्यापारी, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सम्मेलन में व्यापार, उद्योग और जीएसटी से जुड़ी नीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंच से संबोधित करते हुए अरुण सिंह ने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें व्यापारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब समय आ गया है कि हम विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करें और स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं। उन्होंने विशेष रूप से दीपावली का जिक्र करते हुए कहा कि इस त्योहार पर किसी भी घर में विदेशी सामान का उपयोग नहीं होना चाहिए। हर भारतीय को अपने घर में स्वदेशी वस्तुएं अपनाकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देना चाहिए। अरुण सिंह ने महात्मा गांधी और रविन्द्रनाथ टैगोर के स्वदेशी आंदोलन का उदाहरण देते हुए बताया कि बंगाल विभाजन के समय लोगों ने विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार से आंदोलन को मजबूत किया था। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे उन्नाव में बनने वाली स्थानीय वस्तुओं को बढ़ावा दें और अपने कारोबार के माध्यम से “आत्मनिर्भर भारत” अभियान को मजबूत करें। अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सशक्त नीतियां तैयार की हैं। सड़क, स्वास्थ्य, औषधि और उत्पादन के क्षेत्र में भारत ने बीते वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने जन औषधि केंद्रों, वैक्सीन निर्माण, पीपीई किट उत्पादन और औषधि निर्यात की उपलब्धियों का उल्लेख किया। अरुण सिंह ने कहा कि भारत आज दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है। कृषि क्षेत्र की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि भारत दूध उत्पादन में विश्व में नंबर वन और चावल उत्पादन में दूसरे स्थान पर है, जो देश की आत्मनिर्भरता का प्रमाण है। अरुण सिंह ने जीएसटी सुधारों और व्यापारिक कटौती को जनता के हित में बताया। उन्होंने कहा कि यह बदलाव प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता और आर्थिक स्थिरता का परिणाम हैं।उन्होंने व्यापारियों से संकल्प दिलाया कि वे स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएं और आत्मनिर्भर भारत को जन आंदोलन बनाएं।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अनुराग अवस्थी, विधायक पंकज गुप्ता, बम्बालाल, और बड़ी संख्या में व्यापारीगण मौजूद रहे।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/PwpzKjF