अयोध्या में राजा मान सिंह गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार:जमीन धोखाधड़ी और उगाही की मिली थी शिकायत
अयोध्या पुलिस ने जमीन के नाम पर धोखाधड़ी और उगाही करने वाले बदमाश राजा मान सिंह गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान उपदेश यादव उर्फ बंटी (निवासी नैथुवा बिल्सी, जनपद बदायूं) और विवेक प्रताप सिंह यादव (निवासी लतपुरवा रसूलाबाद, जनपद कानपुर देहात) के रूप में हुई है। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई पूराकलंदर थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह और स्वाट/सर्विलांस प्रभारी अमरेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपी उपदेश यादव के खिलाफ 22 आपराधिक मुकदमे, जबकि विवेक प्रताप सिंह यादव पर 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से राजा मान सिंह के गिरोह के साथ मिलकर संगठित अपराध में शामिल थे। राजा मान सिंह गिरोह, अयोध्या में तेजी से हो रहे विकास को भुनाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों—कानपुर, कन्नौज, बदायूं, बरेली आदि से निवेशकों को अयोध्या बुलाता था। गिरोह के सदस्य उन्हें सस्ते दामों में महंगी जमीन दिलाने का झांसा देते थे। गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार करता, मौके पर जमीन दिखाकर बैनामे की राशि तय करता और जैसे ही निवेशक धन लेकर दोबारा पहुंचते, उन्हें धमकाकर या मारपीट कर रकम छीन ली जाती थी। भय और बदनामी के डर से व्यापारी अक्सर पुलिस में शिकायत नहीं करते थे। गिरफ्तार दोनों अभियुक्त प्रदेश के विभिन्न जनपदों में गिरोह के संपर्क सूत्र के रूप में काम कर रहे थे। ये भोले-भाले व्यापारियों को फंसाकर अयोध्या लाते और राजा मान सिंह तथा अन्य सदस्यों से मिलवाते थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही गिरोह के सरगना राजा मान सिंह तक पहुंचने का दावा भी कर रही है। एसपी नगर चक्रपाणि त्रिपाठी ने कहा कि “अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अयोध्या को अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस कटिबद्ध है। और लगातार कार्यवाही भी कर रही है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/XBKvxDS
Leave a Reply