RSS का पथ संचलन, शस्त्र पूजन:अनुशासन में कदम से कदम मिलाकर शहर में किया भ्रमण, संघ मना रहा शताब्दी वर्ष
संतकबीरनगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) द्वारा विजयादशमी के बाद सभी तहसील क्षेत्रों में अलग अलग दिनों में शस्त्र पूजन और पथ संचलन का आयोजन किया जा रहा है। यह संचलन खलीलाबाद शहर के गोला बाजार स्थित हीरा लाल इंटर कॉलेज के प्रांगण से शुरू हुआ और मेहदावल बाईपास, समय माता मंदिर होते हुए पुनः हीरा लाल इंटर कॉलेज में समाप्त हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर शारीरिक शिक्षण प्रमुख सूरज पाठक ने ‘सम्पत’ लेकर किया। नगर सेवा प्रमुख विपुल जी ने गण गीत प्रस्तुत किया। जिला कार्यवाह सौरभ जायसवाल ने मुख्य अतिथि सह प्रांत प्रचारक शुरजीत का परिचय कराया। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए सह प्रांत प्रचारक शुरजीत ने बताया कि संघ अपना 100वां वर्ष पूर्ण कर शताब्दी वर्ष मना रहा है, जिसके उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत पर्वों का देश है, जिसके कारण यह पूरे विश्व में अपना एक विशेष स्थान रखता है। शुरजीत ने बताया कि संघ मुख्य रूप से छह उत्सव मनाता है: चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, रक्षा बंधन, गुरु पूर्णिमा, विजयादशमी उत्सव, मकर संक्रांति और हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव। उन्होंने जोर दिया कि विजयादशमी के दिन हम शस्त्र पूजन कर शक्ति की आराधना करते हैं। संघ की स्थापना भी विजयादशमी के दिन वर्ष 1925 में हुई थी। इस अवसर पर जिला प्रचारक धीरज जी, सदर विधायक अंकुर राज तिवारी, नगर प्रचारक देवराज जी, भास्कर मणि त्रिपाठी, जिला शारीरिक प्रमुख अनिल जी, बनर्जी लाल अग्रहरि, सतविंदर पाल जज्जी, सत्येंद्र राय, सचिन सिंह श्रीनेत, विजय बहादुर सिंह, कन्हैया वर्मा, विवेकानंद वर्मा, भोला अग्रहरि सहित सैकड़ों की संख्या में गणवेशधारी स्वयंसेवक, नगर कार्यकारिणी और जिला कार्यकारिणी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/eOB1PmV
Leave a Reply