7 विशाल डेकोरेटिव दीप बनेंगे दीपोत्सव का आकर्षण:जल में प्रतिबिंबित दीपों और आसमान में चमकते दीपकों का संगम दिव्य होगा

19 अक्टूबर को अयोध्या में होने वाला दीपोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस महोत्सव को बेहद भव्य बनाने के लिए रोज नए प्रयास हो रहे हैं।दीपोत्सव के लिए इस बार राम की पैड़ी पर सात विशाल डेकोरेटिव दीपक बनाए जा रहे हैं ।यह महोत्सव इस बार पहले से भी अधिक भव्य और ऐतिहासिक होगा। राम की पैड़ी पर तैयार हो रहा दृश्य इस बार और प्रभावी ढंग से पूरे विश्व का ध्यान आकर्षित करेगा। अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद की ओर से पैड़ी पर इन विशाल डेकोरेटिव दीयों की स्थापना की जा रही है। ये दीपक हर शाम जलकर सरयू के जल पर झिलमिलाती रोशनी का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करेंगे। पानी में इनका प्रतिबिंब और आसमान में चमकते दीपकों का संगम अयोध्या को दिव्य लोक में बदल देगा। इस दीपोत्सव पर अयोध्या प्रकाश और शांति का संदेश देने वाला वैश्विक केंद्र बनेगी — जहाँ हर दीप में श्रीराम की महिमा झलकेगी। ईको फ्रेंडली होगा आयोजन
इस बार का दीपोत्सव के ईको फ्रेंडली आयोजन की प्राथमिकता पर जोर दिया गया है। युवाओं और बच्चों के लिए विशेष सेल्फी पॉइन्ट बनाया जाएगा, जहां प्रभु श्रीराम और भक्त हनुमान के चित्र के साथ सेल्फी की व्यवस्था होगी। इस बार सरयू तट स्थित राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर 26 लाख से अधिक दीयों की ज्योति एक साथ प्रज्ज्वलित कर गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड बनाने की तैयारी है। निर्देश दिया गया है कि राम पथ सहित अन्य मार्गों पर रोशनी, सफाई और सजावट के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। कार्यदायी संस्था से पेड़ों को भी सजाने को कहा है। महिला आधारित झांकियों के माध्यम से महिला शक्ति का संदेश दिया जाएगा। सरकारी योजनाओं की जानकारी देती झांकियां भी होंगी। अयोध्या में इस साल होने वाला दीपोत्सव बेहद खास होगा। इस ऐतिहासिक आयोजन के गवाह देशी के साथ ही विदेशी मेहमान भी बनेंगे। इसके अलावा केंद्र व विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के संस्कृति विभाग के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। इसके अलावा कई अन्य देशों को भी आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार दीपोत्सव-2025 एक अलग छाप छोड़ेगा। रामनगरी 26 लाख दीयों से जगमगाएगी। नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनेगा। 10 जगहों पर सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी जयवीर सिंह के अनुसार केंद्र सरकार के पर्यटन, संस्कृति एवं भारतीय विदेश मंत्रालय सहित अन्य अधिकारियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के संस्कृति विभाग के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। पर्यटन मंत्री ने निर्देश दिया कि रामकथा पार्क तक आमजन की पहुंच को आसान बनाने की व्यवस्था की जाए। अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय रामलीला को वैश्विक पहचान दिलाने के हर संभव प्रयत्न किए जाएं। उन्होंने बताया कि राम और रामायण की थीम पर विविध प्रस्तुतियां होंगी। रामनगरी में 10 जगहों पर सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/PgtTmzh