131 फीट ऊंचाई से गिरी लिफ्ट…4 मजदूरों की मौत:RKM पावर प्लांट में हादसा; 6 गंभीर, मृतक और घायल यूपी, झारखंड के रहने वाले
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा स्थित आरकेएम पावर प्लांट में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बॉयलर मेंटेनेंस के दौरान मजदूरों को ले जा रही एक लिफ्ट करीब 40 मीटर (131 फीट) की ऊंचाई से अचानक गिर गई। इस हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक और घायल मजदूर उत्तर प्रदेश और झारखंड के रहने वाले हैं। हादसे के वक्त लिफ्ट में कुल 10 मजदूर सवार थे। वे सभी प्लांट की पांचवीं मंजिल (करीब 75 मीटर ऊंची) तक जा रहे थे। लेकिन जब लिफ्ट 40 मीटर तक पहुंची, तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। गिरते ही प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। यह मामला डभरा थाना क्षेत्र का है। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा। बाद में एक और मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल मजदूरों को डभरा से रायगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजन और मजदूरों ने किया हंगामा हादसे के बाद बड़ी संख्या में मजदूरों के परिजन और अन्य मजदूर प्लांट गेट के बाहर जमा हो गए और हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, लिफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि, प्लांट प्रबंधन और सुरक्षा विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं। बॉयलर में मेंटेनेंस के दौरान हादसा सक्ती एडिशनल एसपी हरीश यादव ने बताया कि लिफ्ट गिरने से तीन मजदूरों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हैं। सभी मजदूर बॉयलर की मरम्मत के कार्य में लगे थे। हादसे के बाद प्लांट में काम कर रहे मजदूरों में आक्रोश फैल गया। स्थिति को देखते हुए डभरा पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मौके पर मौजूद है। मजदूर बोले- प्रबंधन की लापरवाही से हादसा हुआ
स्थानीय मजदूरों ने आरोप लगाया है कि पॉवर प्लांट प्रबंधन की गंभीर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि लिफ्ट की नियमित तकनीकी जांच लंबे समय से नहीं की गई थी। घटना के बाद प्लांट प्रबंधन के खिलाफ मजदूर में आक्रोश है।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
………………………… इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… रायपुर की स्टील फैक्ट्री में हादसा, 6 कर्मचारियों की मौत:6 झुलसे, इनमें 2 की हालत नाजुक, घायलों में UP-बिहार-बंगाल के मजदूर रायपुर के सिलतरा में निजी स्टील फैक्ट्री में शुक्रवार को लोहे की गर्म चीज गिरने से 6 कर्मचारियों की मौत हो गई। 6 अन्य घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। घायलों को इलाज के लिए देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल लाया गया है। मामला धरसींवा थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/65rLURN
Leave a Reply