”10 साल का ब्राह्मण 100 साल के क्षत्रिय का पिता”:अमेठी में स्वामी प्रसाद मौर्य बोले- सरकार हिन्दू-मुस्लिम विवाद खत्म नहीं होने देना चाहती
अमेठी में रविवार को आयोजित अखिल भारतीय मौर्य महासंघ के सम्राट अशोक विजयादशमी महोत्सव में पहुंचे पूर्व मंत्री और अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने फिर एक विवादित बयान दिया। उन्होंने मनु स्मृति के एक श्लोक को सुनाकर इसकी व्याख्या करते हुए कहा- 10 साल का ब्राह्मण भी 100 साल के क्षत्रिय का पिता समान होता है। क्या आप इस बात को मानेंगे? बताइए, क्या 100 साल का कोई इंसान 10 साल के बच्चे को पिता मानेगा? यह न तो वैज्ञानिक है, न व्यवहारिक। हम तो उम्र को मानते हैं, जो बड़ा है, वही सम्मान के योग्य है। पर मनु स्मृति में ऐसा ही लिखा है। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या रविवार अखिल भारतीय मौर्य महासंघ की ओर से आयोजित सम्राट अशोक विजयदशमी महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे। यह कार्यक्रम अमेठी विधानसभा के मुराई का पुरवा गांव में आयोजित किया गया था। अब 6 बड़े बयान पढ़िए… मनुस्मृति पर निशाना, कहा— समाज को जातियों में बांटने की साजिश
मौर्य ने कहा कि मनुस्मृति ने समाज को ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और शूद्र में बांटकर इंसानियत को तोड़ दिया। उन्होंने कहा- पुराने समय में धर्म के ठेकेदारों ने सिर्फ अपना स्थान ऊंचा रखने के लिए पूरी इंसानियत को बांट दिया। ब्राह्मण और क्षत्रियों में हजारों जातियां हैं, और शूद्रों में 6,648 जातियां। यह विभाजन समाज को कमजोर करने के लिए किया गया था। उन्होंने अमेठी के राजा संजय सिंह का उदाहरण देते हुए कहा- एक राजा होते हुए भी अगर उनके यहां 10 साल का भिखारी ब्राह्मण आता था, तो वह राजा को आशीर्वाद देता था और राजा झुककर कहता था ‘पंडित जी प्रणाम’। यही मनुस्मृति का असर था। सरकार नहीं चाहती खत्म हो हिंदू-मुस्लिम विवाद
मौर्य ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा- सरकार खुद नहीं चाहती कि हिंदू-मुस्लिम और मंदिर-मस्जिद के विवाद खत्म हों। इन्हीं विवादों से उनका वोट बैंक बनता है। देश को नुकसान हो या समाज टूटे, इन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।उन्होंने आगे कहा कि भाजपा और सरकार दोनों धार्मिक मुद्दों को जिंदा रखकर जनता का ध्यान असली मुद्दों- रोजगार, महंगाई, किसानों की समस्या से हटाना चाहती हैं। हिंदू राष्ट्र मांगने वालों को बताया देशद्रोही, कहा— देश संविधान से चलेगा
पूर्व मंत्री ने कहा कि जब देश में भारतीय संविधान लागू है, तो “मनु के संविधान” को लाने की कोशिश करने वाले लोग देशद्रोही हैं। जो हिंदू राष्ट्र की बात करते हैं, वे देश को अखंड नहीं, खंड-खंड करना चाहते हैं। देश को आजाद कराने में सभी जातियों और धर्मों का योगदान रहा है, लेकिन कुछ लोग धर्म का चोला पहनकर समाज को फिर गुलाम बनाना चाहते हैं। देश संविधान से चलेगा, किसी ढोंगी के कहने से नहीं। देश के बाबाओं को मुझसे दिक्कत है
मौर्य ने कहा कि जब वे मनुस्मृति के श्लोकों का अर्थ बताते हैं, तो देश भर के कई बाबा और साधु उन पर भड़क जाते हैं। कहा- मैं जब समाज की समरसता की बात करता हूं, तो मुझे गालियां दी जाती हैं। झूठा कहा जाता है। पर मैं तो वही बोलता हूं जो मनुस्मृति में लिखा है। फिर मैं झूठा कैसे? जेल में भी नहीं है कानून का राज
गायत्री प्रसाद प्रजापति पर हुए हमले का जिक्र करते हुए मौर्य बोले कि प्रदेश में जंगलराज चल रहा है। अब तो जेल में भी हमला हो जाता है। यह सरकार कानून-व्यवस्था नहीं, डर और भेदभाव से चल रही है। 2027 में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी अपनी जनता पार्टी
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी ‘अपनी जनता पार्टी’ उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा को हराने के लिए वे गठबंधन करने को भी तैयार हैं।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/6oYarkh
Leave a Reply