हिंदू जागृति मंच ने विजय तीर्थ पर किया पूजन:जीवन में विजय के लिए मंत्रोच्चारण और वैदिक विधियों के साथ मांगा आशीर्वाद

संभल में हिंदू जागृति मंच ने गुरुवार को चंदौसी रोड स्थित प्राचीन विजय तीर्थ पर विशेष पूजन-अर्चना की। मंच के सदस्यों ने मंत्रोच्चारण और वैदिक विधियों के साथ भगवान से विजयी जीवन का आशीर्वाद मांगा। इस कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। जिसके बाद रोली, अक्षत और मिष्ठान के साथ पूजन संपन्न किया गया। मुख्य यजमान सीमा आर्य ने विधिवत पूजा संपन्न कर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने ईश्वर से जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता और विजय की कामना की।इस अवसर पर मंच के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने विजय तीर्थ के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया, “संभल जनपद के 68 तीर्थों और 19 कूपों में विजय तीर्थ का विशिष्ट स्थान है। मान्यता है कि रावण वध के बाद भगवान श्रीराम ने ब्रह्महत्या के महापाप से मुक्ति पाने के लिए विजय तीर्थ में स्नान किया था। तभी से यह स्थान पापों से मुक्ति और शत्रुओं के विनाश के लिए पूजनीय माना जाता है। “श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अनंत अग्रवाल ने जानकारी दी कि संभल स्थित विजय तीर्थ का निर्माण श्रीलंका के विजय तीर्थ की मिट्टी, जल और वनस्पति से किया गया है। उनका कहना था कि यहां पूजन करने से वही पुण्य फल प्राप्त होता है जो श्रीलंका के विजय तीर्थ में स्नान और दर्शन से मिलता है। पूजन कार्यक्रम में सुबोध कुमार गुप्ता, सुमन वर्मा, ऋषभ श्रीवास्तव, वैभव गुप्ता, उज्ज्वल सक्सेना, शंकर शर्मा, साहिल गांधी, एडवोकेट विजय सैनी और विकास कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनमानस में धार्मिक चेतना जागृत करना और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण करना था।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/ekdOL9M