हापुड़ में गांधी-शास्त्री जयंती मनाई गई:डीएम एसपी ने दी श्रद्धांजलि, दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
हापुड़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। एसपी केजी सिंह ने पुलिस लाइन में दोनों महान नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा एवं स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। उधर डीएम अभिषेक पांडेय ने भी श्रद्धांजलि देते हुए कर्मियों को उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया। एसपी ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के बल पर देश को स्वतंत्रता दिलाई। उनके आदर्श आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक हैं। गांधीजी ने स्वच्छता, सादगी और जनसेवा का संदेश दिया, जिसे प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों में अपनाना चाहिए। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी के आदर्श आज भी देश के हर नागरिक को प्रेरित करते हैं, और पुलिसकर्मियों को जनता की सुरक्षा व सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। डीएम अभिषेक पांडेय ने भी दोनों महापुरुषों के जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गांधीजी का ‘स्वच्छ भारत’ का सपना तभी साकार होगा जब हर नागरिक स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएगा। इसी प्रकार, शास्त्री जी के आत्मनिर्भरता और अनुशासन के विचार देश की उन्नति की नींव हैं। उधर पुलिस कार्यालय पर भी एएसपी विनीत भटनागर ने ने जवानों से ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आग्रह किया। उन्होंने जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करने पर जोर दिया। थानों व सरकारी दफ्तरों में मनाई जयंती सीओ वरुण मिश्रा ने कोतवाली में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि गांधी और शास्त्री दोनों नेताओं का जीवन यह सिखाता है कि छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं। पुलिस बल को समाज के प्रति अपनी जवाबदेही हमेशा याद रखनी चाहिए। जबकि कोतवाली देहात प्रभारी विजय गुप्ता ने कहा यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का अवसर था, बल्कि पुलिसकर्मियों को उनके आदर्शों पर चलने और देशहित में समर्पित रहने की प्रेरणा भी देता है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/ZYr8sSN
Leave a Reply