हाथरस में छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार:पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया रिजवान, पैर में लगी है गोली

हाथरस में पुलिस ने छेड़खानी के एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। 26 सितंबर की रात को जब एक महिला अपनी बेटी के साथ घर जा रही थी। तभी रिजवान पुत्र सफीक निवासी ग्राम बढार थाना कोतवाली सादाबाद ने उसकी बेटी का हाथ पकड़कर छेड़खानी की और विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया व गाली-गलौज की। महिला की तहरीर पर 27 सितंबर को थाना सादाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने घटना को गंभीरता से लिया। अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में थाना प्रभारी सादाबाद को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। मध्य रात्रि में गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि छेड़खानी का आरोपी रिजवान सादाबाद-मुरसान रोड पर धनौली मोड़ पर खड़ा है। पुलिस टीम पर की फायरिंग थाना सादाबाद पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने धनौली मोड़ पर रिजवान को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीमों ने घेराबंदी करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें रिजवान घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से तमंचा भी बरामद घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिजवान पुत्र सफीक निवासी गांव बढार, थाना सादाबाद, जनपद हाथरस के रूप में हुई है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/colrstT