सुल्तानपुर में विसर्जन शोभा यात्रा, रूट डायवर्जन लागू:7 से 9 अक्टूबर तक शहर में बड़े वाहनों पर रहेगा प्रतिबंधित
सुल्तानपुर में 7 से 9 अक्टूबर 2025 तक दुर्गा पूजा महोत्सव और विसर्जन शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्जन लागू किया है। शहर और देहात क्षेत्र की प्रतिमाओं का विसर्जन सीता कुंड घाट पर होगा। यातायात व्यवस्था के तहत, 9 अक्टूबर 2025 तक शहर क्षेत्र में सभी बड़े और मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध विसर्जन कार्यक्रम के सकुशल संपन्न होने तक प्रभावी रहेगा। शहर में प्रवेश प्रतिबंध के लिए 11 मुख्य स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें अमहट, पयागीपुर, अंकित पेट्रोल पंप (बाईपास पुल के नीचे), बघराजपुर मोड़ हाईवे पर, भुलकी चौराहा, नकराही मोड़, कमनगढ़ मोड़ (विनोवापुरी मोड़), टाटियानगर, द्वारिकागंज, टेडुई तिराहा और चुनहा तिराहा शामिल हैं। इन सभी निर्धारित स्थानों से भारी वाहन, मध्यम और हल्के वाहन, जो शहर से होकर अन्य जनपदों में जाना चाहते हैं या शहर के अंदर प्रवेश करना चाहते हैं, उनके प्रवेश पर पूर्णतः रोक रहेगी। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसें केवल टेडुई मार्ग से ही शहर के अंदर रोडवेज बस अड्डे तक आ सकेंगी। वापसी में भी ये बसें टेडुई की ओर से ही अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगी। ऐसे हल्के वाहन जिनके स्वामी या चालक का निवास शहर में है, उन्हें वैध परिचय पत्र या आईडी कार्ड दिखाने पर प्रवेश दिया जाएगा। हालांकि, भीड़-भाड़ की स्थिति को देखते हुए शहर क्षेत्र के अंदर ई-रिक्शा का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/WAHvXtP
Leave a Reply