सिद्धार्थनगर में महिला का फंदे से लटका मिला शव:ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप, FIR दर्ज
सिद्धार्थनगर के मोहाना थाना क्षेत्र के मदारीपुर गांव में मंगलवार सुबह 28 वर्षीय विवाहिता राफिदा का शव उसके ससुराल में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। प्रेम विवाह के बाद बिगड़े रिश्ते राफिदा की शादी वर्ष 2020 में मुमताज से हुई थी। शादी से पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन विवाह के बाद से ही दांपत्य जीवन कलह और विवादों से भरा रहा। मृतका के परिजनों का आरोप है कि पति मुमताज, ननद गुलशन और सास अक्सर उससे मारपीट करते थे। मृतका के भाई अरब होसेन ने बताया कि दो महीने पहले भी ससुराल पक्ष ने राफिदा की बुरी तरह पिटाई की थी। हाथ और शरीर पर चोटें आई थीं, जिसकी शिकायत मोहाना थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस ने सिर्फ समझौता कराकर मामला दबा दिया। परिजनों का आरोप है कि अगर उस समय कड़ी कार्रवाई होती, तो आज उनकी बहन की जान बच सकती थी। हत्या का आरोप, मुकदमा दर्ज मृतका के पिता मुस्तफा ने थाने में तहरीर देकर दामाद मुमताज, बेटी गुलशन और पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लंबे समय से प्रताड़ना झेल रही बेटी की हत्या कर आत्महत्या का रूप दिया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच जारी, ग्रामीणों में आक्रोश घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर ट्रेनी आईपीएस विश्वजीत सौरयान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। आसपास के ग्रामीणों ने भी पुष्टि की कि ससुराल पक्ष आए दिन विवाद करता था और मृतका को प्रताड़ित करता था।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply