सहारनपुर में नगर निगम ने निकाली मिशन शक्ति रैली:नगरायुक्त बोले-नारी तभी सबला होगी जब वह स्वावलंबी बनेगी
सहारनपुर में ‘मिशन शक्ति की तैयारी-अबला नहीं सबला है नारी’, ‘नारी शक्ति जिंदाबाद’ और ‘सशक्त नारी सशक्त देश, यही है हमारा संदेश’ जैसे नारों के साथ शनिवार को नगर निगम परिसर से मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ नगरायुक्त शिपू गिरि, कर निर्धारण अधिकारी श्रुति माहेश्वरी और पार्षद ज्योति अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज और जवाहर हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं के साथ-साथ नगर निगम की महिला कर्मचारी भी शामिल हुईं। रैली में शामिल छात्राओं और महिलाओं ने पूरे जोश के साथ नारे लगाते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण और सम्मान का संदेश दिया। रैली को संबोधित करते हुए नगरायुक्त शिपू गिरि ने कहा कि प्रधानमंत्री के 2047 में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि नारी तभी सबला होगी जब वह स्वावलंबी बनेगी। नारी के सम्मान से ही देश का उत्थान संभव है। रैली से पूर्व एक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। इसमें अपर नगरायुक्त प्रदीप कुमार यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी तभी सशक्त होगी जब वह स्वस्थ होगी और स्वास्थ्य तभी संभव है जब स्वच्छ वातावरण हो। कर निर्धारण अधिकारी श्रुति माहेश्वरी ने कहा कि सरकार महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त माहौल देने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। महिलाओं की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए अनेक हेल्पलाइन भी संचालित की जा रही हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संगीता गुप्ता ने महिलाओं एवं छात्राओं से अपने अधिकारों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर सहायक नगरायुक्त जेपी यादव, लेखाधिकारी मनोज त्रिपाठी, शिक्षिकाएं पूनम व सीमा शर्मा सहित नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/UPsA5V4
Leave a Reply