सहारनपुर में एक लाख का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर:वेस्ट यूपी के कई जिलों में लूट और डकैती की घटनाओं को दिया अंजाम, दो इंस्पेक्टर हुए घायल
सहारनपुर में एक लाख का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर हो गया। बदमाश बाइक छीनकर भाग रहा था। तभी पुलिस ने उसका पीछा किया। लेकिन बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिससे एक थाना इंचार्ज के हाथ में गोली लगी है, जब दूसरा इंस्पेक्टर भी घायल हुआ है। वेस्ट यूपी में कई जिलों सहारनपुर, मेरठ, शामली और मुजफ्फरनगर में लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम दिया है। मामला थाना गागलहेड़ी क्षेत्र का है। एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि देर रात हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपए के इनामी शातिर लुटेरे को मार गिराया। पुलिस को सूचना मिली की कुछ बदमाश बाइक छीनकर भाग रहे हैं। तभी पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस को भी काउंटर फायरिंग करनी पड़ी। जिससे एक बदमाश के गोली लगी। पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन बदमाश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर एसएसपी आशीष तिवारी, एसपी देहात सागर जैन और अन्य अधिकारी भी पहुंचे। वहीं, फोरेंसिक टीम भी पहुंची। जिन्होंने मौके से सैंपल उठाए है। मृत बदमाश को पुलिस ने मोर्चरी में रखवा दिया। मृत बदमाश की पहचान इमरान पुत्र रज्जाक निवासी सोंटा रसूलपुर, थाना थानाभवन, जनपद शामली के रूप में हुई है। इमरान पिछले दो वर्षों से सहारनपुर सहित वेस्ट यूपी के कई जिलों में लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम दे रहा था। एसएसपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान थानाध्यक्ष गागलहेड़ी के बाएं हाथ में गोली लगने से वे घायल हो गए। जबकि थानाध्यक्ष सरसावा की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी। जिससे उनकी जान बाल-बाल बची। घायल थानाध्यक्षों का इलाज कराया जा रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें इनामी बदमाश इमरान मारा गया। पुलिस को मौके से भारी मात्रा में असलहा और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस को बदमाश के पास से दो पिस्टल (.32 बोर), 18 खोखे और 10 जिंदा कारतूस (.32 बोर), थाना गागलहेड़ी क्षेत्र से लूटी गई एक बाइक और वारदात में प्रयुक्त एक अन्य बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, मृत लुटेरे इमरान के खिलाफ सहारनपुर, मेरठ, शामली और मुजफ्फरनगर जनपदों के विभिन्न थानों में दर्जन भर से अधिक लूट, डकैती, और अवैध असलहा रखने के मामले दर्ज थे। पुलिस उसकी लंबे समय से तलाश कर रही थी।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/bdEs3Vk
Leave a Reply