सहारनपुर पुलिस ने मनचले को पकड़ा:महिलाओं और युवतियों को कर रहा था परेशान

सहारनपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने रविवार शाम एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी राह चलती महिलाओं और युवतियों पर अश्लील टिप्पणियां कर रहा था। पुलिस ने उसे नखासा बाजार क्षेत्र से पकड़ा। गिरफ्तार युवक की पहचान उवैश पुत्र अहतशाम सिद्दीकी के रूप में हुई है, जो मुफ्ती मोहल्ला, थाना मण्डी, सहारनपुर का निवासी है। पुलिस टीम नखासा बाजार क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी, तभी उसे महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्रता करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए थाना स्तर पर विशेष गश्त, चेकिंग और निगरानी की जा रही है। थाना कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक नेमचंद सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक अंजू सिंह, उपनिरीक्षक मान सिंह और महिला कांस्टेबल अनु तोमर शामिल थीं। पुलिस ने आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ जैसे अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता नीति अपनाई जाएगी। जनपद में महिला सुरक्षा सर्वोपरि है और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सहारनपुर पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। मिशन शक्ति अभियान के तहत ऐसे सभी असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है। उनका मानना है कि पुलिस की सक्रियता से ऐसे अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की आवाजाही सुरक्षित हो सकेगी।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/HAEK437