सरयू नदी खतरे के निशान से 81 सेमी ऊपर:बांसडीह में कटान तेज, नावों से हो रहा आवागमन, स्कूल में पढ़ाई प्रभावित

बांसडीह में सरयू नदी का जलस्तर इस सीजन में पांचवीं बार खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। शनिवार सुबह डीएसपी हेड पर नदी का जलस्तर 64.49 सेमी और चांदपुर गेज पर 58.81 सेमी दर्ज किया गया। भोजपुरवा गांव में नदी का कटान तेज होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए दस नावें लगाई हैं। गांव के सभी मुख्य रास्ते जलमग्न हो चुके हैं। लोग नावों के सहारे आवागमन कर रहे हैं। प्राथमिक विद्यालय चारों ओर से पानी से घिर जाने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कटान की रफ्तार बढ़ने से नदी किनारे बसे घरों पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीण अपना सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। ग्रामीण परमेश्वर, हीरालाल, चंदन और श्रीराम ने बताया कि नदी का बहाव काफी तेज है। कटान से कई बीघा खेत और मकान नदी में समा चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है। एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी के अनुसार प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए टीमें तैनात हैं। नावों और राहत सामग्री की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर