संभल में मुस्लिम बोले- यहां कोई विवाद नहीं:राजनीतिक चक्कर में आए बच्चों को समझाया, पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर
संभल की शाही जामा मस्जिद में शुक्रवार को जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नमाज के बाद बाहर निकले लोगों ने कहा कि संभल का माहौल बिल्कुल ठीक है और यहां कोई विवादित माहौल नहीं है। मस्जिद के गेट पर और वहां तक पहुंचने वाले तीनों रास्तों पर रैपिड एक्शन फोर्स (RRF) तैनात की गई थी। सत्यव्रत पुलिस चौकी पर बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से मस्जिद क्षेत्र सहित पूरे शहर की निगरानी की गई। पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। नमाजी जियाउलहक ने बताया कि किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को पीस कमेटी की बैठक हुई थी और सभी जगह शांति बनाए रखने के लिए ऐलान कराया गया था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संभल में किसी भी तरह का कोई बवाल नहीं है। जियाउल हक ने आगे कहा कि हाल ही में ईद मिलादुन्नबी का त्योहार बहुत खूबसूरती से मनाया गया था। उन्होंने बाहरी अफवाहों और राजनीतिक लोगों द्वारा बच्चों को गुमराह करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ बच्चों को राजनीतिक लोगों के बहकावे में आने पर समझाया गया है। हाजी छोटे ने बताया कि करीब 1600 नमाजी आए थे और माहौल पूरी तरह सही है। उन्होंने कहा कि ‘आई लव मोहम्मद’ तो हमेशा से चल रहा है और यह कोई नया विवाद या परंपरा नहीं है। सईद अख्तर इसराईली, जावेद और उस्मान ने भी संभल के माहौल को ‘फर्स्ट क्लास’ बताया और कहा कि ‘आई लव मोहम्मद’ सभी मुसलमानों का मामला है, इसमें कोई विवाद नहीं है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/0VN37j9
Leave a Reply