संभल में धान के खेत में मिला शव:बदायूं के ग्रामीण की हुई पहचान, सोनीपत में करता था मजदूरी

संभल जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र में एक धान के खेत से बदायूं निवासी एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। सुबह खेत में काम करने पहुंचे किसानों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान हरीश कुमार (40) के रूप में हुई है। यह घटना गुन्नौर तहसील के बहट करन गांव की है। सुबह करीब 10 बजे किसान जब अपने खेतों में पहुंचे तो उन्होंने शव पड़ा देखा, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया। शुरुआती तौर पर शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी, जिसके चलते उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया। शाम को शव की पहचान बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के भोजीपुरा गांव निवासी हरीश कुमार पुत्र भारत सिंह के रूप में हुई। हरीश की बहन कलावती पत्नी राजेंद्र रजपुरा थाना क्षेत्र के जहानपुर गांव में रहती हैं। परिवार को इस बात की जानकारी नहीं है कि हरीश अपने घर से धान के खेत तक कैसे पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष निशांत कुमार राठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने करीब दो से तीन घंटे तक शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने शव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कीं, जिसके बाद शाम को उसकी पहचान हो सकी। हरीश हरियाणा के सोनीपत में बेलदारी का काम करता था। थानाध्यक्ष निशांत कुमार राठी ने बताया कि हरीश को मंगलवार रात घटना स्थल वाले गांव में बैठे हुए देखा गया था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/fa3orvz