संगठन राष्ट्र की अखंडता और वैभव का मूल आधार: उपाध्याय:प्रयागराज के रज्जू भय्या नगर के चार बस्तियों में स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रज्जू भय्या नगर की आनंदपुरम बस्ती, दयानंद बस्ती, अयोध्यापुरी बस्ती और नंदी बस्ती में रविवार को विजयादशमी उत्सव और पथ संचलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। आनंदपुरम बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता विद्या भारती के क्षेत्र शिशु वाटिका प्रमुख विजय उपाध्याय ने संघ के पंच परिवर्तन पर जोर दिया। जिसमें सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्यों का पालन और स्व का बोध शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह शताब्दी वर्ष के संकल्पों का आधार है। संघ स्थापना काल की आवश्यकता आज और भी अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। समाज का संरक्षण और संगठन ही राष्ट्र की अखंडता, आत्मनिर्भरता और परम वैभव का मूल आधार है। सेना से सेवानिवृत्त विनय श्रीवास्तव ने भी अपने विचार रखे। दयानंद बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता विभाग शारीरिक शिक्षण प्रमुख शिव प्रकाश ने कहा कि संघ सौ वर्षों से हर वर्ष विजयादशमी उत्सव मनाता आ रहा है। संघ स्थापना के शताब्दी वर्ष के अवसर पर इस विजयदशमी पर देश भर के नगरों में बस्ती स्तर पर और ग्रामीण क्षेत्रों में मंडल स्तर पर उत्सव एवं पथ संचलन के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। अध्यक्षता पूर्व पुलिस उपाधीक्षक धनंजय सिंह ने की। अयोध्यापुरी बस्ती में मुख्य वक्ता प्रांत अध्यक्ष विधि मंच पवन ने अपने विचार व्यक्त किए। नंदी बस्ती में मुख्य वक्ता प्रांत के घोष प्रमुख प्रशांत का पाथेय प्राप्त हुआ। उन्होंने संघ के सौ वर्षों की यात्रा का वर्णन किया। अध्यक्षता डा डी एस सिंह ने की। इस मौके पर नगर के नगर संघचालक रवि प्रकाश, सह संघचालक राजकुमार, नगर कार्यवाह भूपेंद्र, सह नगर कार्यवाह रविनाथ, विजय, अम्बरीष, रवि पांडेय, सुनील गौड़, हेमंत राय, चंद्र प्रकाश, बृज गोपाल, दिनेश, अनिल, मनीष आदि सैकड़ों गणवेशधारी स्वयंसेवक और समाज के बंधु उपस्थित रहे।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/e25Jwai