श्मशान घाट पर अवैध कब्जा, ग्रामीणों का विरोध:मुजफ्फरनगर के हारानाकी में जिला पंचायत सदस्य समेत सैकड़ों लोग प्रदर्शन पर
मुजफ्फरनगर के थाना चरथावल क्षेत्र के हारानाकी गांव में श्मशान घाट की सार्वजनिक भूमि पर भू-माफियाओं के कब्जे के खिलाफ ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। जिला पंचायत सदस्य विकास शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण श्मशान घाट के पास धरने पर बैठे हैं। विकास शर्मा ने बताया कि श्मशान घाट राजस्व अभिलेखों में दर्ज सार्वजनिक भूमि है। यह पीढ़ियों से ग्रामीणों के अंतिम संस्कार के लिए उपयोग में आ रही है। कुछ भू-माफियाओं ने इसकी लगभग दो एकड़ भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है। माफियाओं ने चारदीवारी खड़ी कर ली है। वहां पर अस्थायी निर्माण भी शुरू कर दिए हैं। शर्मा ने कहा कि तहसील और थाना स्तर पर कई बार शिकायत की गई। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो धरना जिला मुख्यालय तक पहुंच सकता है। धरने में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बच्चों के हाथों में ‘श्मशान घाट बचाओ’ के पोस्टर हैं। प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे हैं। बैनर-पोस्टर के माध्यम से अपनी पीड़ा बयां कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या केवल हारानाकी तक सीमित नहीं है। आसपास के कई गांवों में भी भू-माफियाओं का प्रभाव है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply