ललितपुर पुलिस ने 65 मामलों में 87 को सजा दिलाई:ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत एक माह में प्रभावी पैरवी
ललितपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के तहत सितंबर माह में 65 मामलों में 87 अपराधियों को सजा दिलाई है। इस दौरान कुल 2,03,900 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया। पुलिस महानिदेशक, लखनऊ के आदेशों के क्रम में यह अभियान चलाया गया। अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन और पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र के निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के मार्गदर्शन में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की गई। जनपद में चिन्हित मामलों में अपराधियों को त्वरित और अधिकतम सजा दिलाने के लिए मॉनिटरिंग सेल, पैरवी सेल के अधिकारियों, पैरोकारों, क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और विवेचकों को न्यायालय में पैरवी के लिए नामित किया गया था। इन्होंने साक्ष्य और गवाहों को समय पर प्रस्तुत कर प्रभावी पैरवी की। अभियान के तहत, पॉक्सो और दुष्कर्म के 5 मामलों में 6 अपराधियों को सजा सुनाई गई। इनमें एक अपराधी को 10 वर्ष का कठोर कारावास, एक को 5 वर्ष 6 माह, तीन को 3 वर्ष और एक अपराधी को 1 वर्ष की सजा मिली। इन मामलों में कुल 86 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया। इसके अतिरिक्त, अन्य 60 चिन्हित मामलों में 81 अपराधियों को अधिकतम सजा और अर्थदंड से दंडित किया गया।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/SAXYmCh
Leave a Reply