लखनऊ के प्लासियो मॉल में गोली चली:महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, क्लब में देर रात तक रुकने को लेकर विवाद हुआ
लखनऊ के प्लासियो मॉल में बाउंसर से विवाद के बाद गोली चल गई। घटना मॉल के अंदर एक क्लब में हुई। विवाद बढ़ते ही कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग कर दी। इससे अफरा-तफरी मच गई। घटना शुक्रवार रात एक बजे की है। प्लासियो मॉल के टॉनिक क्लब में तीन युवक एक युवती के साथ पार्टी करने आए थे। यहां क्लब बंद होने के बाद भी रुकने की जिद करने पर बाउंसर से कहासुनी हुई। इसके बाद फायरिंग और मारपीट में बाउंसर पुरुषोत्तम और अनुज चौधरी घायल हुए थे। घटना रात करीब 1 से 2 बजे की बीच की है। घायलों को पहले गोसाईगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से उन्हें सिविल अस्पताल भेज दिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आरोपियों की पहचान विनम्र खंड के रहने वाले हर्ष मिश्रा, सुशान्त गोल्फ सिटी के प्रिन्श वर्मा, स्वाती और संतकबीर नगर के रोहित पटेल के रूप में हुई। जिन्हें शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एक लाइसेंसी पिस्टल, पांच बुलेट बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्टल,एक मैगजीन, पांच कारतूस, एक खाली मैगजीन, दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया है। महिला बाउंसर ने बनाया दबाव पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग रोहित पटेल की स्विफ्ट कार से देर रात मौज-मस्ती करने आए थे। बार के गार्डों ने उन्हें बाहर जाने को कहा, लेकिन वे और समय बिताना चाहते थे। हर्ष और स्वाती अंदर ही थे, जबकि रोहित और प्रिंस बाहर चले गए थे। महिला गार्ड द्वारा बाहर जाने का दबाव बनाने पर विवाद हो गया। बहस के बाद लहराई पिस्टल इसके बाद हर्ष और स्वाती जब पार्किंग में पहुंचे, तो वहां रोहित और प्रिंस भी मिल गए। बहस होते देख सभी गुस्से में आ गए। इसी दौरान हर्ष ने रोहित पटेल की लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। पूछताछ में रोहित पटेल ने बताया कि पिस्टल उसकी लाइसेंसी है। आरोपी हर्ष ने उसका प्रयोग किया है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply