लखनऊ की महारैली ने बढ़ाई बसपा कार्यकर्ताओं की ऊर्जा:पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटे; 16 को आगे की रणनीति बताएंगी मायावती
लंबे समय से हार मिलने के चलते निराश हो चुके बसपा के कार्यकर्ताओं में लखनऊ की महारैली ने नई ऊर्जा का संचार किया है। पार्टी के संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर 9 अक्टूबर को आयोजित इस महारैली से वापस आने के बाद कार्यकर्ता क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती ने जबरदस्त भीड़ से सभी राजनीतिक दलों को चौंका दिया है और अपनी ताकत का एहसास भी कराया है। आलम यह है कि राजनीतिक चर्चाओं से बचकर निकलने वाले पार्टी कार्यकर्ता अब पूरे जोश के साथ अपनी बात रख रहे हैं। आने वाले चुनाव में बसपा को विकल्प के रूप में बताने लगे हैं। लखनऊ की महारैली और उसमें आयी भीड़ की चर्चा करने से नहीं चूक रहे। इधर मंडल कोआर्डिनेटर, जिलाध्यक्ष एवं विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्ष भी कार्यकर्ताओं के संपर्क में हैं। 16 अक्टूबर को एक बार फिर बसपा प्रमुख मायावती ने मंडल कोआर्डिनेटर व जिलाध्यक्षों को बैठक के लिए बुलाया है। इस बैठक में आगे की रणनीति पर फोकस होगा। गोरखपुर से लखनऊ गए थे 50 हजार लोग गोरखपुर से लगभग 50 हजार लोग लखनऊ गए थे। बस, चारपहिया वाहन के अलावा बड़ी संख्या में लोग ट्रेन से भी लखनऊ पहुंचे थे। पिछले कुछ वर्षों से पार्टी को मिल रही हार और नेतृत्व के आक्रामक न होने से कार्यकर्ता भी निराश होने लगे थे। परंपरागत रूप से होने वाली बैठकों में कुछ जुटान हो जाती थी। लेकिन लंबे समय बाद काडर व कार्यकर्ताओं ने अपने शीर्ष नेतृत्व को आक्रामक देखा है। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम न उजागर न करने की शर्त पर बताया कि बहनजी का पुराना तेवर नजर आया है। अंदरूनी बैठकों में वह अपने लोगों के टूटने, कार्यकर्ताओं के निराश होने से परेशान नजर आ रही थीं। उन्होंने ठान लिया है कि 2027 में हमें सरकार बनानी है। तैयारी उसी को लेकर है। सरकार न भी बनी तो बसपा इतनी मजबूत स्थिति में जरूर आएगी कि कोई नजरअंदाज नहीं कर सकेगा। पंचायत चुनाव पर होगा फोकस
उम्मीद जताई जा रही है कि 16 अक्टूबर को होने वाली बैठक में बसपा प्रमुख चरणवार रणनीति पर बात करेंगी। सबसे पहला एजेंडा पंचायत चुनाव पर फोकस करने का होगा। जिन पदों पर सीधे जनता द्वारा चुनाव किया जाता है, उसमें पार्टी अपने प्रत्याशी लड़ाएगी। इसे विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़ कर देखा जाएगा। पार्टी प्रत्याशियों को मिलने वाले समर्थन से विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति का अनुमान लग सकेगा। इसके लिए पार्टी जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव पर अधिक फोकस करेगी। आने वाला समय हमारा होगा
बसपा के मंडल कोआर्डिनेटर हरिप्रकाश निषाद ने कहा कि आने वाला समय हमारा होगा। जिस तरह से लखनऊ में आयोजित महारैली सफल हुई है, उससे कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना बढ़ गया है। आगे शीर्ष नेतृत्व का जो भी निर्देश होगा, उसके अनुसार काम करेंगे। रैली से लौटने के बाद सभी कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत बनाने में जुट गए हैं।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/FfuNhmZ
Leave a Reply