रुपयों के लेनदेन में हुई विनोद चौधरी की हत्या:20 लाख के विवाद में पिता-पुत्र ने की थी हत्या, खुर्जा पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार

बुलंदशहर के खुर्जा नगर में विनोद चौधरी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जवाहर और उसका बेटा विवेक हैं। मामला रुपयों के लेनदेन से जुड़ा है। जवाहर और गजेंद्र के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। विनोद चौधरी ने दोनों के बीच मध्यस्थता की थी। समझौते के तहत 20 लाख रुपए विनोद और एक अन्य व्यक्ति विष्णु के संयुक्त खाते में जमा किए गए थे। तय हुआ था कि मुकदमेबाजी खत्म होने के बाद ही पैसे जवाहर को दिए जाएंगे। जवाहर लगातार पैसे मांग रहा था, लेकिन विनोद ने मुकदमा खत्म होने तक पैसे देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद बढ़ गया। जवाहर ने अपने बेटे विवेक के साथ मिलकर विनोद की हत्या की योजना बनाई। दोनों ने पहले विनोद की रेकी की। फिर 14-15 सितंबर 2025 की रात को हत्या कर दी। विनोद का शव उनके घर में ही मिला था। स्वॉट टीम और खुर्जा नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को सौंदा हबीबपुर मोड से गिरफ्तार किया है। जवाहर पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या का प्रयास, अपहरण और लूट जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। विवेक पर भी अपहरण का एक मामला दर्ज है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर