रुदौली में विशाल चुनरी यात्रा, 251 कन्याओं का पूजन:अर्पणा यादव बोलीं, यात्रा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक
जिले के रुदौली विधानसभा क्षेत्र के हरिहरपुर वार्ड से लेकर कामाख्या धाम मंदिर परिसर तक आज एक अलौकिक आस्था और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। माता कामाख्या की विशाल चुनरी यात्रा पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुई। इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अर्पणा यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने विशेष रूप से भाग लिया। इस यात्रा का आयोजन माँ कामाख्या महोत्सव न्यास एवं भक्त परिवार के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। आयोजन में नेतृत्व की भूमिका रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने निभाई, जिनकी अगुवाई में हजारों श्रद्धालुओं ने माता कामाख्या की महिमा का गुणगान करते हुए चुनरी यात्रा में सहभागिता की। यात्रा के उपरांत 251 कन्याओं का विधिवत पूजन और कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अर्पणा यादव और विधायक रामचंद्र यादव ने कन्याओं के चरण धोए, माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारी, जिससे पूरे माहौल में भक्ति और श्रद्धा का संचार हो गया। अपने संबोधन में अर्पणा यादव ने कहा,”माँ कामाख्या की यह चुनरी यात्रा केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। माँ का आशीर्वाद हमें समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण की शक्ति देता है।” उन्होंने इस आयोजन को श्रद्धा, विश्वास और संस्कृति का संगम बताया और कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में नारी के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत होती है। यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप, शंख-घंटियों की गूंज और माँ कामाख्या के जयकारों से कामाख्या धाम नगर पंचायत गूंज उठा। चारों ओर भक्ति का उत्सव, रंग-बिरंगी चुनरियों से सजी गलियाँ, और श्रद्धालुओं की टोलियों ने मानो एक अलौकिक वातावरण रच दिया। इस धार्मिक आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में विशेष रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह,जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित,सामाजिक कार्यकर्ता आलोक चंद्र यादव,ईओ निखिलेश मिश्रा,रविकांत तिवारी, मंडल अध्यक्ष राकेश तिवारी,श्याम बाबू गुप्ता, बब्बन शुक्ला, सचिन कसौंधन,अमन मिश्रा, सूरज दुबे, श्रवण दुबे तथा हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/5SlVKt9
Leave a Reply