राष्ट्रपति मुर्मू के मथुरा दौरे की तैयारी:25 सितंबर को मंदिरों में करेंगी दर्शन, अधिकारियों ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

मथुरा में भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी भ्रमण को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। राष्ट्रपति के दौरे को सफल एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को देर रात डैंपियर नगर स्थित पांचजन्य प्रेक्षागृह में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत से पहले अधिकारियों ने मथुरा शहर में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को रोड़ मैप के माध्यम से उनके ड्यूटी पॉइंट्स आवंटित कर समझाए गए और इस बात पर जोर दिया गया कि हर कोई अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाए। गौरतलब है कि महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार, 25 सितंबर को मथुरा और वृंदावन के मंदिरों में दर्शन करेंगी। उनके आगमन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि महामहिम के भ्रमण के दौरान किसी भी स्तर पर अव्यवस्था न हो। प्रशासनिक तैयारी के इस दौर में मथुरा शहर को छावनी में तब्दील किया जा रहा है ताकि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा में कोई कमी न रह सके।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर