रामपुर में विजयदशमी पर्व पर रावण दहन:विधायक आकाश सक्सेना ने कहा- जीत हमेशा धर्म और न्याय की होती है

रामपुर में दशहरे के अवसर पर रामलीला मैदानों में रावण दहन का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग उमड़े। रावण वध की लीला के मंचन के बाद रावण के पुतलों का दहन हुआ। शानदार आतिशबाजी की गई और विभिन्न स्थानों पर मेले भी लगे। राज्यमंत्री, विधायक, ब्लॉक प्रमुख और पालिकाध्यक्ष सहित कई नेताओं ने इन आयोजनों में हिस्सा लिया। शहर के उत्सव पैलेस रामलीला मैदान में विजयदशमी के पावन अवसर पर रावण दहन का मुख्य आयोजन हुआ। हजारों की भीड़ इस ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनी। मंच पर राम-रावण युद्ध का रोचक मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राम-रावण युद्ध का दृश्य इतना जीवंत और प्रभावशाली था कि मैदान में मौजूद हर व्यक्ति श्रद्धा और रोमांच से भर गया। जैसे ही भगवान श्रीराम ने धनुष से तीर छोड़ा और रावण का वध हुआ, विशालकाय रावण का पुतला धधकती लपटों के साथ धराशायी हो गया। उसी क्षण पूरा मैदान ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा और आतिशबाजी की चमक ने आसमान को रोशन कर दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शहर विधायक आकाश सक्सेना ‘हनी’ ने कहा कि विजयदशमी का पर्व हमें यह सीख देता है कि सत्य की राह कठिन जरूर हो सकती है, लेकिन जीत हमेशा धर्म और न्याय की ही होती है। बन्नू बिरादरी की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसका शुभारंभ पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने फीता काटकर किया। यह शोभायात्रा शास्त्री नगर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई रामलीला मैदान कोसी मार्ग पर पहुंची।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/ogeQ0aC