राजा भैया की बेटी बोलीं-यूपी बुलाकर मां को मारेंगे:योगी से कहा–किस उम्मीद से जाएं, न्याय मांगने पर 10 और केस हो जाते हैं

राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह का विवाद थम नहीं रहा। इसी बीच बड़ी बेटी राघवी सिंह पहली बार सामने आईं। उन्होंने X पर वीडियो शेयर कर सीएम योगी से अपील की है। कहा- यूपी में न्याय मांगने की कोशिश कीजिए, तो आप पर 10 मुकदमे और हो जाते हैं। क्योंकि ये सब योगी के संज्ञान में ही नहीं, बल्कि उनके समर्थन और संरक्षण में हो रहा। उनको उसी यूपी में बुलाया जा रहा है, जहां उनके ऊपर गोली चली है। जान का खतरा है। जान से मारने की धमकी मिली है। मेरी मां को दबाव में लाने के लिए किसी अजय राणा की तरफ से अयोध्या में परिवाद दाखिल कर फर्जी तरीके से एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसमें 15 अक्टूबर को कोर्ट में पेश होने के लिए वारंट जारी हुआ है। इस तरह के फर्जी मुकदमे दर्ज कराकर बेवजह परेशान किया जा रहा है। पिछले एक हफ्ते में दोनों पक्षों से सोशल मीडिया पर आरोप प्रत्यारोप हो रहे हैं। दो दिन पहले राजा भैया की पत्नी भानवी ने X पर लिखा था- प्रिय बेटा बड़कू। पूत कपूत सुने हैं, लेकिन माता सुनी न कुमाता। मुझे यह भरोसा नहीं हो रहा है कि वाकई में मेरा कोई बेटा “कपूत” भी हो सकता है। दरअसल, बुधवार शाम बेटे शिवराज ने एक वीडियो जारी किया था। दावा किया था कि भानवी सिंह अपनी बीमार मां को जूतों से पीट रही हैं। भाई के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए राजा भैया की छोटी बेटी बृजेश्वरी ने लिखा था- मां हमसे बहुत प्यार करती हैं। क्या तुम सच में मां की बजाय, उसका समर्थन कर रहे हो? भाई इसे पारिवारिक ड्रामे का रूप देने की कोशिश मत करो। वहीं, कुंडा की पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरुणा सिंह ने राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के खिलाफ कोर्ट में याचिका दाखिल की है। इसमें उन्होंने कहा कि भानवी सिंह ने हमारे नेता अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ वो अमर्यादित टिप्पणी की है। 3 मिनट के वीडियो में राघवी ने क्या कुछ कहा.. पढ़िए सीएम योगी से मेरी मांग है कि अगर हमारी सुरक्षा और हमें न्याय नहीं दिला सकते तो मुझे, मेरी मां और बहन को एक बार में ही मरवा दीजिए। मगर इस तरह धीरे-धीरे हमारे हाथ-पैर मत काटिए। जो मां पर सरकार के समर्थन से फर्जी मुकदमेबाजी हो रही है, हम लोग इसकी पीड़ा अब झेल नहीं पाएंगे। हजरतगंज थाने में भी मेरी मां के खिलाफ फर्जी एफआईआर और मुकदमे चल रहे हैं। डीसीपी कहते हैं कि उन्हें जानकारी नहीं है और एसएचओ कहते हैं कि ऊपर का मामला है। हमारे पास वाइस रिकॉर्डिंग है, क्योंकि हम बिना प्रमाण के बात नहीं करते। होम मिनिस्ट्री और इंटरनल सिक्योरिटी ने यूपी पुलिस को कार्रवाई करने को कहा है। पर यूपी पुलिस प्रशासन मेरी मां को ही परेशान कर रही है। सेंट्रल ने लिखा है कि सबूत ही प्रमाण है। जान लेने की धमकी के बाद भी सबूत समेत स्कालर, असाल्ट, मशीन गन, नाइन एमएम पिस्टल और अन्य हथियार प्रमाण व लोकेशन सहित देने के बाद भी मां के ऊपर ही फर्जी मुकदमे चल रहे हैं। उनको उसी यूपी में बुलाया जा रहा है, जहां उनके ऊपर गोली चली है। जान का खतरा है। जान से मारने की धमकी मिली है। ये सब सरकार के संरक्षण में हो रहा है। क्षत्रीय धर्म हमें ये नहीं सिखाता है। सेंट्रल से जांच के ऑर्डर जारी होने के बाद यूपी सरकार और यूपी पुलिस व प्रशासन मेरी मां को चुप कराने के लिए उनके ऊपर फर्जी शिकायत पर मुकदमे दर्ज करा कर उन्हें वहीं बुला रहे हैं। ये लोग बड़े आराम से मार देंगे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट कंट्रोल कर उन्हें पागल घोषित कर देंगे। और जिंदगी भर हम और हमारी बहन सड़क पर जस्टिस मांगते रह जाएंगे। बाहुबल, पैसा और सीएम योगी के समर्थन से हम सालों से पीड़ित हैं। घरेलू विवाद में मेरी के लंग्स में चोट आ गई थी। हॉस्पिटल की रिपोर्ट बदलवा दी गई थी। एंट्री नहीं कराई थी। खून सूख कर लंग्स को डैमेज कर रहा है। एम्स दिल्ली की रिपोर्ट भी है। दिल्ली पुलिस जब कार्रवाई के लिए लखनऊ गई तो दिनदहाड़े गवाहों के घर जाकर यूपी पुलिस के गनर ने उन्हें डराया-धमकाया और चुप कराया। ये वो गनर हैं, जो सिक्योरिटी के लिए अलॉट होते हैं। इतने खतरनाक प्रमाण देने के बाद भी यूपी पुलिस का रवैया ये है। मेरी मां पर अत्याचार जोरशोर से है, लेकिन कार्रवाई शून्य है। जानलेवा धमकी के बाद, गोली चलाने के बाद, हम किस उम्मीद से जाएं यूपी में ये मुकदमे लड़ने के लिए। यूपी में न्याय मांगने की कोशिश कीजिए तो आप पर 10 मुकदमे और हो जाते हैं। क्योंकि ये सब योगी के संज्ञान में ही नहीं, बल्कि उनके समर्थन और संरक्षण में हो रहा है। हम योगी जी से खुद ही मांग करते हैं कि आप किसी को भेज दीजिए और हम तीनों को एक बार में ही मरवा दीजिए। हम सालों से पीड़ित हैं। मेरी मां की बिगड़ती हालत देखते हुए हमारी तबीयत भी खराब हो रही है। या तो कार्रवाई कीजिए या तो हमारी जान ले लीजिए। कौन हैं FIR दर्ज कराने वाला राणा अजय? राणा अजय सिंह अयोध्या के रहने वाले हैं। अभी राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रदेश महासचिव हैं। करणी सेना के यूपी प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। डॉक्टर राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय से इन्होंने बीटेक की पढ़ाई की है। अब जानिए राजा भैया और भानवी सिंह के बीच का विवाद? भानवी सिंह और उनके पति राजा भैया के बीच तलाक का केस चल रहा है। भानवी सिंह ने 3 जून, 2025 को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में जाकर अपने पति रघुराज प्रताप सिंह के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने एक पत्र भी सौंपा था। जिसमें कहा गया था कि राजा भैया आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। उनके पास अवैध और खतरनाक हथियारों का भंडार है। यह कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। इन हथियारों में नाटो ग्रेड की जिगाना पिस्टल, ऑटोमैटिक असॉल्ट राइफल्स और कई अन्य जानलेवा हथियार भी शामिल हैं। जबरन लाइसेंसी हथियार छीन लिए भानवी ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने जबरन उनके लाइसेंसी हथियार छीन लिए हैं। उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा था कि राजा भैया ने एक बार कमरे में गोली चलाई थी, जिसमें उनकी छोटी बेटी बाल-बाल बच गई थी। भानवी का दावा है कि यह मामला सिर्फ एक परिवार के बीच विवाद का नहीं, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़ा है। राजा भैया के करीबी ने कहा था- भानवी सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं हालांकि, राजा भैया के सबसे करीबी माने जाने वाले गोपाल जी ने कहा था कि भानवी सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं। 10 साल से वो अलग रह रही हैं। ऐसे आरोप लगाकर अपने ही घर में आग लगा रही हैं। अपने बच्चों का भविष्य खराब कर रही हैं। राजा भैया के माता-पिता और बच्चों सभी के पास लाइसेंस है। वो क्यों अवैध हथियार रखेंगे? राजा भैया का एक भी ऐसा नौकर नहीं है, जिसके पास लाइसेंस और असलहा न हो। दशहरे पर हम इनकी पूजा करते हैं। सारे लीगल शस्त्र हैं। राजा भैया को अवैध हथियार रखने की जरूरत ही नहीं है। जो आरोप लगा रहा है, जिस बेस पर लगा रहा, पहले उसकी खुद जांच होनी चाहिए। हालांकि, उनके पास खुद ही लाइसेंसी हथियार है। कब से भानवी सिंह राजा भैया से अलग रह रहीं? कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राज भैया की पत्नी भानवी सिंह ने अपने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए। नवंबर, 2022 में उन्होंने दिल्ली की साकेत कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दायर की थी। उन्होंने क्रूरता के आधार पर तलाक मांगा था। ————————- ये खबर भी पढ़ें- भानवी सिंह बोलीं- राजा भैया को दूसरी शादी की जल्दी:17 साल की रिश्तेदार को भी नहीं छोड़ा, अबॉर्शन कराना पड़ा राजा भैया को पत्रकार रही महिला से शादी की जल्दी है। 2015 में उनके अफेयर के बारे में मुझे पता चला तो मैंने विरोध किया। इसे लेकर राजा भैया ने मुझे इतना पीटा कि हॉस्पिटल में भर्ती होना पड़ा। पसलियां फ्रैक्चर हो गई थीं। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को लेकर किए गए दावे-प्रतिदावे पर दैनिक भास्कर ऐप से बातचीत में भानवी सिंह ने हर आरोपों के जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू…

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/PLl8JBS