यूरिया की किल्लत से नाराज किसानों ने किया प्रदर्शन:महोबा में कानपुर-सागर हाईवे जाम, पुलिस ने बल प्रयोग कर हटाया
महोबा के कबरई में यूरिया खाद की समस्या से परेशान किसानों ने कानपुर-सागर हाईवे पर जाम लगा दिया। कबरई नंबर 2 साधन सहकारी समिति पर खाद वितरण में अनियमितता का आरोप है। किसानों का कहना है कि समिति में पर्याप्त खाद होने के बावजूद उन्हें नहीं दी जा रही है। टोकन के लिए पैसे देने वालों को खाद मिल रही है। अन्य किसानों को बार-बार मना किया जा रहा है। बुवाई का समय निकल रहा है और खाद न मिलने से किसानों की मेहनत बेकार जा रही है। हाईवे जाम से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले किसानों को समझाने का प्रयास किया। भीड़ काबू से बाहर होने पर बल प्रयोग करना पड़ा। करीब एक घंटे बाद जाम खुला और यातायात सामान्य हुआ। कबरई थाना प्रभारी सत्यवेंद्र सिंह ने बताया कि भीड़ में कुछ अराजक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ऐसे लोगों की पहचान कर कार्रवाई करेगी। प्रशासन ने किसानों को जल्द खाद की आपूर्ति का भरोसा दिया है।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply