यूपी में गौमाता, गोवा-मेघालय में खाते हैं गाय का मांस:संजय सिंह बोले- बुलडोजर पर खुश होने वाले अपने विनाश को आमंत्रित कर रहे

सुलतानपुर में शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के बौद्ध प्रांत की बैठक हुई। इसमें राज्यसभा सांसद संजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में आगामी “रोजगार दो और सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें विभिन्न जिलों के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। मीडिया से बात करते हुए सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के लिए गाय ‘गौ माता’ है, जबकि गोवा और मेघालय में भाजपा के लोग गाय का मांस खाते हैं। सिंह ने देश में बढ़ती बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के खिलाफ कथित साजिशों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इन मुद्दों पर जनता की आवाज बनकर बड़ा जनआंदोलन छेड़ेगी, ताकि युवाओं और वंचित वर्गों को उनका अधिकार मिल सके। उन्होंने भाजपा की आईटी सेल पर देशवासियों को साल भर “अनर्गल प्रपंचों” में फंसाए रखने का आरोप लगाया। सांसद ने कानून के चुनिंदा इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कानून की धाराएं सभी कानून तोड़ने वालों पर समान रूप से लागू होनी चाहिए, लेकिन सरकार ऐसा नहीं कर रही है। सिंह ने बुलडोजर नीति की आलोचना करते हुए कहा कि इस पर खुश होने वाले लोग अपने विनाश को आमंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने वाराणसी में संत रविदास गेट के सामने 43 दुकानों को तोड़े जाने का उदाहरण दिया, जो कथित तौर पर भाजपा समर्थकों की थीं। संजय सिंह ने भाजपा पर देश के लोगों को बर्बाद करने का नया तरीका खोजने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा मुसलमानों को परेशान करने के नाम पर अपने ही समर्थकों की जेब काट रही है। सिंह ने भाजपा को “जेब कतरा पार्टी” बताते हुए कहा कि वह मुसलमानों पर हमलावर प्रचारित कर पूरे देश को ठग रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की “रोजगार दो” पदयात्रा उत्तर प्रदेश सरकार के इस “मकड़जाल” को तोड़ने का काम करेगी। सिंह ने कार्यकर्ताओं से रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दों को राजनीति में शामिल करने का आह्वान किया। इस मौके पर बौद्ध प्रांत अध्यक्ष इमरान लतीफ, जिलाध्यक्ष सुरेश चंद गौतम, महासचिव राम विलास तिवारी, प्रतापगढ़ जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय, प्रभारी रजत चौरसिया, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता वंश राज दूबे, बौद्ध प्रांत कोषाध्यक्ष पूनम श्रीवास्तव, अनिल कोरी, पूर्व जिलाध्यक्ष रविन्द्र तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष शोहरत अली, अशफाक अहमद, अजीत श्रीवास्तव, वासिद अहमद समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहें।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/YPShgHJ