युवक की आत्महत्या मामले में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार:कुआं में मिला था शव, जान देने के लिए मजबूर करने का आरोप
ललितपुर के ग्राम सेमरा भागनगर के मजरा बड़ा सेमरा में 19 सितंबर की रात युवक सुखदेव उर्फ सुखनंदन (30) ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने बुधवार को मृतक की पत्नी गीता और उसके प्रेमी अभय राजपूत को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में गिरफ्तार कर लिया। मृतक के पिता सुब्बा राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पुत्र को पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा धमकी दी जा रही थी, जिससे वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर हुआ। घटना के अनुसार, सुखदेव की शादी गीता से हुई थी और उनके दो पुत्र हैं। लगभग छह महीने पहले गीता ने अभय राजपूत के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया था, जिसके कारण अभय जेल गया था। साढ़े तीन महीने पहले अभय जमानत पर छूटा और इसके बाद गीता अपने प्रेमी अभय के साथ रहना चाहती थी। सुखदेव ने इसका विरोध किया। लेकिन पत्नी और अभय ने उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया। 19 सितंबर की रात सुखदेव कुएं में कूद गया और उसका शव 20 सितंबर को कुएं में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया था। मामले में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार को थानाध्यक्ष अजमेर सिंह और उनकी टीम बांसी मार्ग पर गश्त कर रहे थे, तभी गीता और अभय भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया और गिरफ्तार कर लिया।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply