यमुना में कूदे परिवार की बच्ची का शव मिला:पिता संग कूदे तीन अन्य बच्चों की तलाश जारी

शामली के कैराना में यमुना नदी में कूदे एक व्यक्ति और उसके चार बच्चों में से एक बच्ची का शव बरामद हुआ है। 11 वर्षीय महक का शव घटना स्थल से करीब 13 किलोमीटर दूर यमुना के तेज बहाव में फंसा मिला। पुलिस और बचाव दल अन्य तीन बच्चों और पिता की तलाश में जुटे हैं। यह घटना दो दिन पहले कैराना नगर के मोहल्ला खेलकला निवासी सलमान के साथ हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते सलमान ने अपने चार मासूम बच्चों के साथ यमुना नदी में छलांग लगा दी थी। जानकारी के अनुसार, उसकी पत्नी किसी और के साथ चली गई थी, जिससे वह आहत था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, पीएसी फ्लड यूनिट और गोताखोरों की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। पिछले दो दिनों से लगातार तलाशी अभियान जारी है। यमुना नदी में तेज बहाव के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं। आज सुबह तलाशी अभियान के दौरान 11 वर्षीय महक का शव बरामद हुआ। परिजनों ने शव की पहचान की। शव मिलने के बाद परिवार में गम का माहौल है। फिलहाल, लापता हुए तीन अन्य बच्चों और पिता सलमान की तलाश जारी है। गोताखोरों और राहत दल ने तलाशी अभियान को और तेज कर दिया है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/2fUTAcn