मैनपुरी में महिला ने प्रशासन पर लगाए आरोप:कहा- आरोपी DM के नाम पर दबाव बना रहे, CM कार्यालय पर अनशन की चेतावनी दी
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने मुकदमे के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वह लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय पर आमरण अनशन करेंगी। शमशेरगंज निवासी रेखा दुबे पत्नी प्रदीप दुबे ने 24 जुलाई 2025 को किशनी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 284/25 दर्ज कराया था। इस मामले में श्याम तिवारी, सोनी, अशोक, निलेश, जगदीश और आलोक कुमार सहित सात लोगों को आरोपी बनाया गया है। रेखा दुबे का आरोप है कि आरोपियों ने जाली दस्तावेज तैयार कर उनके मकान और जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। पीड़िता के अनुसार, उनके पति की मृत्यु हो चुकी है और आरोपी उनके ही परिवार से संबंधित हैं। पीड़िता का यह भी कहना है कि आरोपी अब मैनपुरी जिलाधिकारी के नाम का दुरुपयोग कर उन पर दबाव बना रहे हैं। वे धमकी दे रहे हैं कि जिलाधिकारी के परिचित गोरखपुर में रहते हैं और उनसे फोन पर बात हो चुकी है, इसलिए उनकी गिरफ्तारी नहीं होगी और मुकदमे में अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगा दी जाएगी। रेखा दुबे ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई है कि किशनी थाना पुलिस को आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए जाएं, ताकि उन्हें न्याय मिल सके। इस मामले में किशनी थाना प्रभारी ललित भाटी ने बताया कि शमशेरगंज निवासी रेखा दुबे की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। मामले की जांच चल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि यह विवाद जमीन पर कब्जे से संबंधित है और पुलिस कार्रवाई कर रही है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/BxZOq60
Leave a Reply