मेरठ में डंपिंग ग्राउंड से परेशान सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन:कहा- 10 गांवों की जनता बीमारियों से त्रस्त, किसानों को नहीं मिला मुआवजा
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। वें कमिश्नरी पार्क में एकत्र हुए, और पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां पुलिस कर्मियों ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं रोक लिया। जिस वजह से उनकी पुलिसकर्मियों से कहासुनी भी हुई। जिला सचिव गौरव गुर्जर ने बताया कि हापुड़ रोड स्थित काजीपुर, घोसीपुर और जाहिदपुर के पास बने डंपिंग ग्राउंड से आसपास के लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस डंपिंग ग्राउंड से करीब 10 गांवों के लोग प्रभावित हैं। स्थानीय निवासियों को रोजाना दुर्गंध और मच्छरों की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इससे गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। इस मुद्दे के अलावा, गंगानगर, लोहिया नगर और वेदव्यासपुरी की आवासीय योजनाओं में रहने वाले किसानों को मुआवजे का इंतजार है। पहले एक प्रस्ताव पास किया गया था, जिसमें बड़े किसानों को विकसित प्लॉट और छोटे किसानों को नकद मुआवजा देने की बात कही गई थी। लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी ने बताया कि 3 वर्षों से गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाया गया है। इसलिए किसानों का गन्ना मूल्य बढ़ाया जाए, डीएपी खाद का मूल्य कम कर सही समय पर किसानों को खाद दिया जाए, वही दलित पिछड़ों अल्पसंख्यक व आर्थिक रूप से कमजोर जो भाजपा में नहीं है, उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। पूठा वेदव्यासपुरी के किसान एक महीने से धरने पर बैठे हैं। वे अपना मुआवजा और प्लॉट मांग रहे हैं। स्थानीय प्रशासन से मांग की जा रही है कि या तो डंपिंग ग्राउंड को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए या फिर इसका वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन किया जाए, ताकि लोगों का स्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षित रह सके।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply