मिशन शक्ति फेज-5 के तहत नवरात्र पर विशेष आयोजन:महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए 22 सितंबर से शुरू होंगे कार्यक्रम

जालौन में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति फेज-5 के तहत विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में इस संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम और संवाद गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। विद्यालयों में छात्राओं को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181, 1098, 1930 और 1076 की जानकारी दी जाएगी। 22 सितंबर से एंटी रोमियो स्क्वॉड मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखेगी। 25 सितंबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज में विशिष्ट उपलब्धियों वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। ग्राम प्रधान और सभासद भी इस अभियान से जुड़ेंगे 2 से 21 अक्टूबर तक प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय में विशेष कार्यक्रम होंगे। इनमें बीट पुलिस अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, बीसी सखी समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। ग्राम प्रधान और सभासद भी इस अभियान से जुड़ेंगे। इन कार्यक्रमों में सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। महिलाओं का मौके पर ही पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाएगा। 5 अक्टूबर को पुलिस लाइन से इंदिरा स्टेडियम तक ‘रन फॉर एम्पावरमेंट’ का आयोजन होगा। इसमें महिलाएं, बालिकाएं, जनप्रतिनिधि और नागरिक भाग लेंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिशन शक्ति के कार्यक्रम इतने प्रभावी रूप से संपन्न हों कि जालौन की पहचान भव्य और दिव्य आयोजनों के रूप में स्थापित हो। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र देव शर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर