मिर्जापुर में प्रबुद्ध व्यापारी सम्मेलन आयोजित:जीएसटी दरों में कटौती और आत्मनिर्भर भारत पर चर्चा
मिर्जापुर के लायंस स्कूल सभागार में सोमवार को प्रबुद्ध व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और आर्थिक सुधार नीतियों की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रभारी श्रीमती सरोज कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। जबकि नगर विधायक पं० रत्नाकर मिश्र ने इसकी अध्यक्षता की। सम्मेलन के दौरान व्यापारियों को जीएसटी (GST) की घटाई गई दरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि इन दरों में कटौती से उपभोक्ताओं और व्यापारियों दोनों को सीधा लाभ मिलेगा। नगर विधायक पं० रत्नाकर मिश्र ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि व्यापारी वर्ग को कर प्रणाली में राहत मिले और व्यापार को प्रोत्साहन मिले। उन्होंने यह भी जोड़ा कि सरकार की योजनाओं एवं नीतियों की सही जानकारी हर व्यापारी तक पहुंचाने का सतत प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे इनका लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। मुख्य अतिथि सरोज कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार देश के आर्थिक तंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जीएसटी दरों में कटौती का उद्देश्य व्यापार जगत को राहत देना और उपभोक्ता हितों की रक्षा करना है। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से डिजिटल पेमेंट, जीएसटी रिटर्न और पारदर्शी कर व्यवस्था को अपनाकर ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में योगदान देने का आग्रह किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी, व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य विश्वनाथ अग्रवाल, आशीष बुधिया, भाजपा जिला मंत्री गौरव ऊमर, मनोज मैनी, संजय यादव, महेन्द्र जायसवाल, नगर पश्चिम मंडल अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा, नगर पूर्वी मंडल अध्यक्ष डॉली अग्रहरि, सभासद अलंकार जायसवाल सहित नगर के अनेक प्रतिष्ठित व्यापारी, उद्योगपति एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/qC2hxUn
Leave a Reply