मांग नहीं मानी तो कलेक्ट्रेट में लगाई दंडवत परिक्रमा:आगरा में किसान-मजदूर नेताओं का अनूठा प्रदर्शन, 11 संविदा कर्मचारियों की बर्खास्तगी का विरोध

आगरा कलेक्ट्रेट में किसान और मजदूर नेताओं ने मंगलवार को अनूठा प्रदर्शन किया। संविदा कर्मचारियों की सेवा बहाली के लिए 40 दिन से धरना दे रहे यूनियन के लोगों ने सुनवाई न होने 41वें दिन दंडवत परिक्रमण लगाई। 19 मार्च को निकाले गए थे कर्मचारी
नगर पंचायत किरावली से 11 संविदा कर्मचारियों को 19 मार्च को निकाल दिया गया गया। इसी के विरोध में सदर तहसील परिसर में किसान-मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह के नेतृत्व में 41वें दिन भी धरना जारी रहा। बर्खास्त कर्मचारियों के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा सुनवाई न होने पर दो लोग भूख हड़ताल भी कर रहे हैं। सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष बाबूलाल ने भी इनका समर्थन करते हुए भूख हड़ताल शुरू कर दी है। अधिशासी अधिकारी के खिलाफ आक्रोश
सुनवाई न होने की स्थिति में कलेक्ट्रेट में दंडवत परिक्रमा लगाते हुए किरावली नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इनका कहना था कि 19 मार्च को अधिशासी अधिकारी ने बिना किसी कारण के एक कंप्यूटर ऑपरेटर, एक ड्राइवर, 9 सफाई कर्मचारी सहित 11 लोगों को निकाल दिया। डीएम करा चुके हैं जांच
बताया जा रहा है-डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने इस प्रकरण में एडीएम वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला से जांच कराई थी। जांच में संविदा कर्मचारियों को पुन: बहाली के लिए कहा गया। मगर, अधिशासी अधिकारी ने इस आदेश का पालन नहीं किया।
इसी के विरोध में किसान और मजदूरों का धरना चल रहा है। इस दौरान सोनू चौधरी, राजीव ठाकुर, रंजीत चौधरी, रवि कुमार, ओमवीर, विक्रम वाल्मीकि, संजू देवी, राजेश देवी आदि मौजूद थे।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर