महोबा में विवाहिता की संदिग्ध मौत:परिजनों ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप, मौत से पहले घर पर किया था फोन
महोबा जिले में एक 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वह फांसी के फंदे से लटकी मिलीं। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह घटना महोबा जिले के महोबकंठ थाना क्षेत्र के सौरा गांव की है। मृतका की पहचान प्रियंका (23) के रूप में हुई है, जो कुलपहाड़ निवाड़ी रामनरेश विश्वकर्मा की पुत्री थीं। उनकी शादी वर्ष 2022 में सौरा गांव निवासी सुनील विश्वकर्मा से हुई थी। मृतका के भाई मिलन और भरत विश्वकर्मा ने बताया कि बीती रात लगभग 11 बजे प्रियंका ने उन्हें फोन किया था। उसने रोते हुए बताया कि पति, सास और ननद उसे प्रताड़ित कर रहे हैं और मारपीट कर रहे हैं। प्रियंका ने परिजनों से सुबह उसे लेने की गुहार लगाई थी। रात करीब 3 बजे परिजनों को सूचना मिली कि प्रियंका की तबीयत गंभीर है। जब वे ससुराल पहुंचे, तो प्रियंका को फांसी के फंदे से उतारा जा चुका था। मायके पक्ष का आरोप है कि प्रियंका के गले और हाथों पर चोट के कई निशान थे, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं। ससुराल पक्ष इस घटना को आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी विनोद कुमार सरोज ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/v93r2BC
Leave a Reply