महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती पर 335 किसान सम्मानित:किसान आंदोलन में निभाई थी भूमिका, भाकियू ने सम्मेलन किया

चित्रकूट में किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने एक सम्मेलन का आयोजन किया। इस अवसर पर किसानों के संघर्ष और उनकी समस्याओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिले के 335 किसानों को सम्मानित भी किया गया, जिन्होंने किसान आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। शहर के गल्ला मंडी परिसर में सुबह से ही भाकियू कार्यकर्ता जुटने लगे थे। भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन और बुंदेलखंड कानपुर जोन के अध्यक्ष बैजनाथ अवस्थी ने किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन ने केंद्र और प्रदेश सरकारों पर किसानों को केवल लुभाने और अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकारों का किसानों की मांगों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि किसानों ने देश की जीडीपी को शून्य की ओर जाने से रोका था। बुंदेलखंड कानपुर जोन के अध्यक्ष बैजनाथ अवस्थी ने कहा कि सरकारें स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू नहीं कर रही हैं और एमएसपी देने में आनाकानी करती हैं, जबकि चुनावी घोषणाएं करती हैं। उन्होंने भाकियू को तोड़ने के प्रयासों का भी जिक्र किया।इस अवसर पर सपा विधायक अनिल प्रधान, सपा के वरिष्ठ नेता मान सिंह पटेल, सरदार सेना की मीरा भारती और अपना दल के रामसिया सहित कई अन्य नेता भी उपस्थित रहे। चित्रकूट भाकियू जिलाध्यक्ष राम सिंह राही ने जिले के अधिकारियों पर किसानों की समस्याओं के समाधान में आनाकानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसान दर-दर भटकते रहते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता। सम्मेलन के दौरान, 335 किसानों को ‘प्रगतिशील किसान सेनानी’ और ‘ट्रैक्टर प्रमुख प्रेरक’ सम्मान प्रमाण पत्र तथा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। भाकियू कार्यकर्ताओं के उत्साह की भी सराहना की गई।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/sQerUFM